पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • होटलों पर कार्रवाई का विरोध करेंगे अकाली

होटलों पर कार्रवाई का विरोध करेंगे अकाली

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरनिगम ने 15 दिसंबर को पुलिस को साथ लेकर दरबार साहिब के आसपास हुए अवैध निर्माणों को ढहाने की तैयारी कर ली है, वहीं शिरोमणि अकाली के जिला शहरी जत्थे ने इसे का विरोध करने का मन बन लिया है। अकाली दल के जिला शहरी प्रधान उपकार सिंह संधू के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता निगम की इस कार्रवाई का विरोध करेंगे।

बता दें कि हाईकोर्ट द्वारा दरबार साहिब के आसपास के इलाकों में किसी तरह के निर्माण की रोक लगाए जाने के बावजूद यहां पर अवैध निर्माण जारी रहने से कोर्ट ने इसकी जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (सिट) का गठन कर दिया था। इसी टीम ने भी अपनी रिपोर्ट में अवैध निर्माण के होने की बात स्वीकार की है। मामले की सुनवाई 19 दिसंबर को होनी है और सिट ने होटलों पर की गई कार्रवाई संबंधी अपनी रिपोर्ट कोर्ट में पेश करनी है। इसके लिए सिट के चेयरमैन और उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के स्पेशल सैक्रेटरी राहुल तिवाड़ी ने प्रदेश सरकार के प्रिंसिपल सचिव को आग्रह किया था कि वह निगम कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को आदेश जारी कर कोर्ट के आदेशों का पालन करवाने के लिए कहें। इन्हीं आदेशों के बाद निगम ने 15 दिसंबर सोमवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है। इसी दिन सिट की बैठक भी चंडीगढ़ में होने वाली है। उपकार सिंह संधू का कहना है कि होटल मालिकों को राहत देने के लिए वह कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया और इंदरबीर सिंह बुलारिया के नेतृत्व में 9 दिसंबर को उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल से मिले थे। उन्होंने विश्वास दिलाया है कि होटलों को बचाने की खातिर कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा। इसलिए वह निगम की कार्रवाई की विरोध करेंगे।

वहीं भाजपा के सचिव तरुण चुग ने कहा कि निकायमंत्री अनिल जोशी के साथ मिल कर इस मुद्दे को सुलझा लिया जाएगा। होटल वालों के परिवारों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा। नगर निगम के सीनियर टाउन प्लानर हेमंत बतरा ने कहा कि सोमवार 15 दिसंबर को पुलिस दल बल के साथ निगम की टीमें अवैध निर्माण पर कार्रवाई के लिए निकलेंगी।