पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मजीठा रोड के काम में खामी ठेकेदारों की पेमेंट रोकी जाए

मजीठा रोड के काम में खामी ठेकेदारों की पेमेंट रोकी जाए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मजीठा रोड को चौड़ा करने के काम में मिली खामी के कारण ठेकेदारों की पेमेंट रोक दी गई है। शहर के विभिन्न प्रोजेक्ट्स का जायजा लेने पहुंचे स्थानीय निकायमंत्री अनिल जोशी ने यह आदेश जारी किए हैं।

इसी के साथ जोशी ने सख्त हिदायत देते हुए सभी ठेकेदारों को साफ शब्दों में कहा कि काम में कोताही तथा देरी कतई सहन नहीं की जाएगी। मंगलवार को अपने इस दौरे के दौरान जोशी ने बीआरटीएस, फतेहगढ़ चूड़िया रोड, मजीठा रोड और सर्कुलर रोड के चौड़ीकरण तथा श्री दुर्ग्याणा मंदिर के सौंदर्यीकरण स्कीम का भी निरीक्षण किया।

जोशी ने मजीठा रोड का काम ठीक होने को गंभीरता से लिया और मौके पर ही ठेकेदारों की पेमेंट रोकने के आदेश दे दिए। इस दौरान उन्होंने इन ठेकेदारों को अंडरटेकिंग देने को कहा है। इसमें उनको लिखकर देना होगा कि उनके काम में किसी तरह की कमी पाई गई तो इसके लिए वह जिम्मेदार होंगे। जोशी ने काम पूरा होने के एक साल बाद तक ठेकेदारों द्वारा दी गई सिक्योरिटी की राशि को जारी किए जाने के भी आदेश दिए हैं। जोशी के मुताबिक काम खत्म होने के एक साल बाद तक अगर कोई खराबी नहीं मिलती है और संबंधित विभागीय अधिकारी काम से संतुष्ट होते हैं तो उसे रिलीज किया जाएगा।

जोशी ने तमाम प्रोजेक्टों की देखरेख के लिए अपने ओएसडी डॉ. योगेश अरोड़ा की ड्यूटी लगा दी है। अरोड़ा सभी कामों का हर 15 दिनों बाद उन्हें रिपोर्ट देंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वह अपनी रिपोर्ट डॉ. योगेश को सौंपेंगे। यदि उन्हें किसी चीज की जरूरत हो या किसी काम में अड़चन आए तो वह डॉ. योगेश से संपर्क करें। इस मौके पर नगर निगम के कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल, ट्रस्ट के चेयरमैन संदीप ऋषि, पीडब्ल्यूडी और बिजली बोर्ड के अधिकारी मौजूद थे।

निकाय मंत्री अनिल जोशी ने ठेकेदारों को साफ-साफ कहा है कि शहर में चल रहे विकास प्रोजेक्टों में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।