एसजीपीसी ने भेजी पांच ट्रक राहत सामग्री
जेएंडकेमें आई बाढ़ प्रभावितों का एसजीपीसी की तरफ से जारी मदद के तहत एसजीपीसी ने सोमवार को भाई गुरदास हाल से पांच ट्रक राहत सामग्री श्रीनगर के लिए भेजी है। इसे कमेटी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ ने रवाना किया।
हर आपत्ति-विपत्ति में मदद : जत्थेदार मक्कड़ ने बताया कि देश में कहीं भी आपत्ति-विपत्ति आती है कमेटी गुरु साहिबान के सिद्धांतों पर चलते हुए मदद करती है। मामला चाहे बाढ़ का हो भूकंप का हो या फिर अन्य किसी आपदा का। उनका कहना है कि श्रीनगर स्थित गुरुद्वारा शहीद बुंगा बड़गाम में कमेटी की तरफ से कैंप चलाया जा रहा है। कमेटी की तरफ से गई टीम की मांग के मुताबिक यह पांच ट्रक राहत सामग्री भेजी जा रही है।
ट्रकों में 160 क्विंटल चावल, 60 क्विंटल दाल, 40 क्विंटल चीनी, पांच क्विंटल प्याज, नौ क्विंटल रस, दो क्विंटल आलू, पांच क्विंटल चायपत्ती, दो क्विंटल भुजिया, 14 क्विंटल बिस्कुट, एक क्विंटल सूखा दूध, एक क्विंटल रिफाइंड, 20 किलो हल्दी, 20 किलो मिर्च, 20 किलो गर्म मसाला, तीन पेटियां कुरकुरे, दो पेटियां टाफियां, बच्चों के लिए 300 नग बोतल बंद दूध, दो पेटी अंग्रेजी साबुन, 75 किलो देसी साबुन, कंबल 3000 नग, 100 नग कोटियां और 41 बोरे कपड़े शामिल हैं।
यह राहत सामग्री सड़क के रास्ते भेजी जा रही है। इसके साथ सुखदेव सिंह, चरणजीत सिंह, हरचंद सिंह, जसबीर सिंह और जसपाल सिंह को भेजा जा रहा है। उनका कहना है कि राहत कैंपों में काम करने वाले मुलाजिमों को हर हफ्ते बदला जाता है। उन्होंने बताया कि आज राहत कार्यों की देखरेख के लिए हवाई जहाज से कमेटी के सचिव रूप सिंह, उप सचिव सतबीर सिंह, जगजीत सिंह तथा यात्रा विभाग के इंचार्ज परविंदर सिंह को भेजा गया है।
इस मौके पर सचिव मनजीत सिंह, अतिरिक्त सचिव परमजीत सिंह सरोआ, बलविंदर सिंह जौड़ा, निजी सहायक सतिंदर सिंह, उप सचिव सकत्तर सिंह, दरबार साहिब के मैनेजर प्रताप सिंह, पब्लिसिटी इंचार्ज कुलविंदर सिंह रमदास, इंदरमोहन सिंह अनजान, उप मैनेजर जगतार सिंह लंगर इंचार्ज भुपिंदर सिंह आदि मौजूद थे।