- Hindi News
- लंगूर मेले के लिए दुर्ग्याणा तीर्थ तैयार
लंगूर मेले के लिए दुर्ग्याणा तीर्थ तैयार
नवरात्रके पहले दिन 25 सितंबर से श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में लगने वाले लंगूर मेले की तैयारियां तकरीबन पूरी कर ली गई हैं। इस खास आयोजन के लिए मंदिर कमेटी ने सुरक्षा, साफ-सफाई तथा सजावट का खास बंदोबस्त किया है।
मंदिर कमेटी के प्रवक्ता हरीश तनेजा ने बताया कि पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की तादाद के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था में खासी मदद कर रहा है। इसके अलावा कमेटी अपनी टीम को भी लगाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार आठ हजार से अधिक परिवारों के बच्चों के लंगूर बनने का अनुमान है। चूंकि भीड़ ज्यादा होगी, इसलिए बैरिकेड और ग्रिल आदि का प्रबंध किया गया है। इस बार पूजा कराने के लिए पुजारियों की संख्या खुली रखी गई है।
हां, यह बात जरूर है कि पूजा की फीस फिक्स कर दी गई है ताकि किसी श्रद्धालु को दिक्कत आए। जो भी बच्चा माथा टेकने आएगा उसे फल का प्रसाद, परिवार वालों को चाय-बिस्कुट और अन्य संगत के लिए लंगर की खास व्यवस्था की गई है। महासचिव एडवोकेट रमेश शर्मा ने बताया कि मंदिर के सौंदर्यीकरण के कारण बाहर सड़कें खोद दी गई थीं, लेकिन अब इनको इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के लोग रात-दिन लगा कर इसे ठीक कर चुके हैं। इस पर वह लोग पल-पल नजर रख रहे हैं। उन्होंने बताया कि त्योहार के मद्देनजर मंदिर की सजावट तथा साफ-सफाई पर भी खास ध्यान रखा जा रहा है।