दिसंबर में लगाए जाएंगे 4 पासपोर्ट मेले
देशभर में इस साल के अंत तक एक करोड़ पासपोर्ट बनाने के केंद्र सरकार के टारगेट को पूरा करने के लिए अमृतसर का पासपोर्ट दफ्तर काम में जुट गया है। रीजनल पासपोर्ट दफ्तर के मुख्य अधिकारी जेएस सोढी की ओर से इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए दिसंबर महीने में एक नहीं चार पासपोर्ट मेले लगाने का फैसला लिया गया है। इसके अलावा 17 दिसंबर को पासपोर्ट अदालत का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मौके पर ही पासपोर्ट संबंधी केसों का निपटारा किया जाएगा।
रीजनल पासपोर्ट अफसर जेएस सोढी बताते हैं कि विभाग की ओर से पासपोर्ट बनाने वाले लोगों की सुविधा के लिए समय-समय पर पासपोर्ट मेले और पासपोर्ट अदालतें लगाई जाती रही हैं। पासपोर्ट अदालत में पासपोर्ट संबंधी मुश्किलों का हल मौके पर ही हो जाता है।
अब 13, 20 और 27 दिसंबर को होगा आयोजन
पासपोर्टदफ्तर की ओर से 13, 20 और 27 दिसंबर को पासपोर्ट मेले लगाए जा रहे हैं। इसमें अमृतसर के रीजनल पासपोर्ट आॅफिस के अंतर्गत आते अमृतसर, फिरोजपुर, फाजिल्का, मुक्तसर साहिब, तरनतारन और फरीदकोट सहित 6 जिलों के लोगों को उनके पासपोर्ट बनाने के लिए मौके पर ही तमाम सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे पहले 6 दिसंबर को पासपोर्ट मेला लगाया जा चुका है, जिसमें साढ़े चार सौ लोगों को पासपोर्ट इश्यू किए गए थे।