बाढ़ पीड़ितों को पहुंचा गुरु का लंगर
बाढ़ पीड़ितों के लिए लंगर तैयार करने के साथ उसकी पैकिंग का काम 24 घंटे चल रहा है।
शिवराज द्रुपद | अमृतसर
सिखोंकी सिरमौर धार्मिक संस्था शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी जेएंडके बाढ़ पीड़ितों की भी मदद में आगे गई है। पहले तो राशन अन्य जरूरी सामग्री सप्लाई की जाती रही है, मगर अब तैयार खाना (लंगर) भी भिजवाया जाने लगा है। इसके तहत शनिवार को यहां के श्री गुरु रामदास लंगर में तैयार 50 हजार लोगों के लिए तैयार खाना हवाई जहाज के जरिए भेजा गया। इतने ही लोगों का खाना रविवार को भी भेजा जाएगा।
बाढ़ में फंसे लोगों को लाने तथा उनको खाना अन्य जरूरत की सामग्री मुहैया करवाने के लिए कमेटी एक हफ्ते से काम कर रही है। भारतीय सेना ने कमेटी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ से बतौर राहत तैयार खाना भिजवाने की मांग की थी और यह व्यवस्था की गई। खाना सिल्वर रोल में पैक करके स्पाइस एयर जेट तथा इंडियन एयरफोर्स के विमान से भेजा गया। पैकेट में चार पराठे, सूखी सब्जी तथा अचार शामिल हैं। पब्लिसिटी इंजार्च कुलविंदर सिंह रमदास ने बताया कि रविवार को भी इतने लोगों के लंगर भेजने की व्यवस्था की गई गई है। उनका कहना है कि इतिहास में पहली बार लंगर से पैक खाना भिजवाया जा रहा है।
स्वर्ण मंदिर के दर्शन को आने वाले एक लाख से अधिक श्रद्धालु यहां रोजाना मुफ्त लंगर छकते हैं। बाढ़ पीड़ितों के लिए जब से व्यवस्था की गई है कमेटी ने इसमें अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। लंगर तैयार करने के साथ उसकी पैकिंग का काम 24 घंटे चल रहा है। इसमें स्टाफ के अलावा श्रद्धालु भी मदद कर रहे हैं।
कमेटी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ के दिशा निर्देश पर कमेटी की ओर से दो बार अमृतसर से 30 क्विंटल दाल, 70 क्विंटल चावल, 10 क्विंटल चीनी, दो क्विंटल चाय पत्ती, 1,000 टीशर्ट, 1,000 कंबल, 1,000-1,000 टूथ ब्रश-पेस्ट तथा चप्पलें भी भिजवाई गई हैं। दरबार साहिब के मैनेजर प्रताप सिंह का कहना है कि प्रधान मक्कड़ की हिदायत है कि यह काम रुकना नहीं चाहिए।