पड़ोसियों के गहने चुराने वाला गिरफ्तार
थानाछेहर्टा पुलिस ने चोरी के आरोप में गुरु की वडाली निवासी लवप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर उससे सोने के गहने बरामद किए हैं। आरोपी से बरामद हुए गहने उसने पास में ही रहते कुलदीप सिंह के घर से चुराए थे। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी हरीश बहल ने बताया कि कुलदीप सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने परिवार के साथ किसी रिश्तेदार के घर गए थे। जब वापस आए तो देखा कि घर के दरवाजे खुले और कमरों के अंदर लॉकर टूटे हुए थे। लाखों के गहने और नकदी गायब थी। इस पर कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने शक के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने पूरी वारदात को कबूल कर लिया।
इस दौरान आरोपी की निशानदेही पर सोने का लॉकेट, चांदी की चूड़ी, सोने की अंगूठी, मोबाइल फोन, चांदी के कुछ और गहने, एक जोड़ी सोने की बालियां और अन्य सामान बरामद किया है। उन्होंने कहा कि आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।