कांस्टेबल गुरप्रीत सस्पेंड
मालरोड पर भिखारियों को बुरी तरह से पीटने वाले कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह को पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख ने रविवार शाम को सस्पेंड कर दिया। कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह थाना सिविल लाइन में तैनात था और शनिवार शाम करीब चार बजे वह कस्टम चौक में मौजूद था। इस दौरान वहां पर भीख रहे कुछ लोगों पर उक्त कांस्टेबल ने जमकर कहर ढाया। वहां पर एक महिला भी अपने करीब दो महीने के बच्चे को लेकर भीख रही थी। लेकिन उक्त कांस्टेबल और उसके एक साथी ने डंडों के साथ महिला को पीटना शुरु कर दिया। इसके अलावा वहां पर एक पांच साल का बच्चा और दोनों पैरों से अपंग व्यक्ति भी था। कांस्टेबल ने उनको भी नहीं बख्शा और बुरी तरह से डंडे बरसाए। इसके बाद सभी को एक ऑटो में बैठाया और साथ ले गए।
इस पूरे मामले की रिपोर्ट दैनिक भास्कर में छपने पर डीसी रवि भगत ने मामले का कड़ा नोटिस लेते हुए पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख से बात कर कार्रवाई करने के लिए कहा। पुलिस कमिश्नर ने कार्रवाई करते हुए कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
डीसी रवि भगत ने कहा कि भीख मांगना गलत बात है, लेकिन जो काम कांस्टेबल की ओर से किया गया, वह पूरी तरह से गैर-कानूनी है। पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई होना जरूरी है। वहीं, पुलिस कमिश्नर जतिंदर सिंह औलख ने कहा कि पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए है, कि लोगों के दिल में डर पैदा करने के लिए है। अगर कोई भी कर्मी ऐसा काम करता है तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।