अमृतसर. टाहली साहिब चौक दुर्गा मार्केट में एक व्यापारी ने वीरवार शाम करीब पांच बजे साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर कपड़ा व्यापारी निशान सिंह की दुकान पर हमला कर दिया। हमलावरों ने निशान और उसके भाई के साथ जमकर मारपीट और दुकान में भी तोड़फोड़ की। झगड़ा होते देख बाजार के अन्य दुकानदार इकट्ठे हो गए। लोगों को जमा होते देख कर हमलावर मौके से भाग निकले।
व्यापारी इसकी शिकायत थाना कोतवाली पुलिस को देने के बाद अपनी दुकानों पर वापस गए। थोड़ी ही देर के बाद आरोपी दोबारा से वापस आए और बाजार में जमकर गुंडागर्दी करते हुए बोतलें चलाई और पिस्टल से फायर कर दिए। इससे मार्केट के व्यापारी दहशत में गए और जवाब में उन्होंने भी ईंट-पत्थर चलाकर हमलावरों को भागने पर मजबूर कर दिया।
कपड़ा व्यापारी निशान सिंह ने बताया कि कैश धारा बाजार के सेठी क्लाथ हाउस के मालिक उतमप्रीत सिंह सेठी और लक्की सेठी के साथ कुछ पैसों के लेन-देन को लेकर झगड़ा था। इस संबंधी बाजार के मोहतबर लोगों ने बीच में आकर करीब 15 दिन पहले उनका समझौता करवा दिया था। इसके बाद भी उक्त लोग उनके साथ रंजिश रखते थे और झगड़ा करने की फिराक में थे। वीरवार शाम को वह अपने भाई के साथ दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उक्त दोनों ही साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर आए और आते ही उनके साथ मारपीट करनी शरू कर दी। इस दौरान दुकान में तोड़फोड़ कर वहां पड़े महंगे सूट भी उठा लिए।
बाजार के व्यापारी इकट्ठे हुए तो सभी हमलावर मौके से भाग निकले। वह सभी लोग इकट्ठे होकर थाने जाकर शिकायत दर्ज करवा कर वापस दुकानों पर आकर बैठ गए। सभी दुकानदार अपनी-अपनी दुकान पर मौजूद थे कि एकदम से आरोपी 40-50 लोगों को लेकर लेकर गए और खाली बोतलें चलानी शुरू कर दी और उन्हीं में से किसी ने पिस्टल निकाल फायर भी कर दिए। पुलिस ने बनती कार्रवाई शुरू कर दी है।
(फोटो -व्यापारियों के बीच हुए झगड़े की जानकारी देते निशान सिंह।)