पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 15 दिसंबर को 8 होटल और 7 सराय सील करेगा निगम

15 दिसंबर को 8 होटल और 7 सराय सील करेगा निगम

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
दरबार साहिब के पास अवैध निर्माण का मामला

19 को हाईकोर्ट में सिट ने अपनी रिपोर्ट सौंपनी है

दीपकभंडारी | अमृतसर

नगरनिगम ने 15 दिसंबर को श्री दरबार साहिब के आसपास बने 125 होटलों में से 15 को सील करने की तैयारी कर ली है। उधर, दरबार साहिब के आसपास हुए अवैध निर्माण को लेकर हाईकोर्ट द्वारा सीनियर आईएएस अधिकारी राहुल तिवाड़ी की अध्यक्षता में बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम की बैठक भी चंडीगढ़ में 15 को ही होनी है। जिसमें डीसी रवि भगत और इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन संदीप ऋषि भी भाग लेंगे। 19 दिसंबर को हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान सिट को अपनी रिपोर्ट पेश करनी है कि कोर्ट के आदेशों का पालन करवाने के लिए उन्होंने क्या कदम उठाए हैं।

पहले निगम ने होटलों को सील करने के लिए 11 दिसंबर का दिन तय किया था, इस दिन मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल संगत दर्शन के लिए महानगर आने वाले हैं। इसलिए प्रशासन नहीं चाहता कि मुख्यमंत्री के शहर में होते हुए किसी तरह का कोई बवाल हो। क्योंकि पहले ही होटल एसो. वाले होटलों को राहत देने के लिए उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की शरण में जा चुके हैं। वहीं मेयर बख्शी राम अरोड़ा 11 जुलाई को ही इन अवैध होटलों को राहत देने के लिए नियमों में बदलाव किए जाने की सिफारिश कर चुके हैं। यहां बताना जरूरी है कि इससे पहले भी निगम 20 अगस्त को भारी पुलिस की देखरेख में 15 होटलों को सील करने की कोशिश कर चुका है। लेकिन सराय में ठहरी संगत और होटल मालिकों के विरोध के चलते इसे स्थगित करना पड़ा था।

सीनियर टाउन प्लानर हेमंत बतरा ने कहा कि कुल 125 होटलों और सराय में से 15 इमारतों को सील करने के लिए 15 को निगम कार्रवाई करने जा रहा है। हाईकोर्ट के आदेशों को लागू करवाने के लिए पुलिस का सहयोग मांगा गया है। 6 होटलों के पास कोर्ट का स्टे होने के कारण कोई कार्रवाई नहीं की जानी है। बाकी के 104 होटल वालों को पब्लिक नोटिस जारी कर दिया गया और इनकी सुनवाई की जा रही है।

वहीं होटल मालिकों ने निगम की कार्रवाई का विरोध करने के लिए रणनीति तैयार कर ली है, लेकिन वह अभी इसका खुलासा नहीं कर रहे हैं। सिट की टीम के सदस्य डीसी रवि भगत ने कहा कि हर हाल में हाईकोर्ट के आदेशों को लागू करवाया जाएगा। इसके लिए 15 दिसंबर को बैठक चंडीगढ़ में होने वाली है।