यूथ फेस्टिवल में भंगड़े की धूम
जीएनडीयूसे संबंधित सरकारी कालेज, कंस्टीट्यूट कालेज तथा एसोसिएशन इंस्टीट्यूट्स के जोनल यूथ फेस्टिवल के पहले दिन सोमवार को भंगड़े की धूम रही। चार दिन तक चलने वाले इस फेस्टिवल में 500 से अधिक स्टूडेंट हिस्सा ले रहे हैं। दो अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन में स्टूडेंट कलाकार विभिन्न कलाओं का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजन की शुरुआत ग्रुप शबद/भजन समूह गायन भारती तथा फाइन आर्ट्स से की गई। इसके बाद माइम, वार गायन, कवीशरी के अलावा पहरावा प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस दौरान स्टूडेंट्स द्वारा पेश भंगड़ा काबिले तारीफ रहा। फेस्टिवल का उद्घाटन अमनदीप अस्पताल के एमडी डॉ. अमनदीप कौर ने किया। विशेष मेहमान के रूप में कालेज विकास कौंसिल के डीन प्रो. आरके महाजन शामिल हुए। युवक भलाई विभाग की डायरेक्टर डॉ. जगजीत कौर ने आए हुए मेहमानों का स्वागत किया। डॉ. महाजन ने कहा कि आयोजन का मुख्य मकसद स्टूडेंट की प्रतिभा को निखारना तथा उनमें मुकाबले की भावना पैदा करना है।
30 सितंबर को स्किट, एकांकी, लोग गीत, गीत/गजल, क्लासिक वोकल मुकाबले होंगे। पहली अक्टूबर को एकांकी, मिमिक्री, डिबेट, रंगोली, फुलकारी मुकाबले होंगे। फेस्टिवल के आखिरी दिन दो अक्टूबर को ग्रुप डांस, क्विज, गिद्दा आदि की पेशकारी होगी।
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी में यूथ फेस्टिवल 2 अक्टूबर तक चलेगा और इसमें 500 से ज्यादा स्टूडेंट्स हिस्सा ले रहे हैं।