पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • प्रधानगी के ओहदे के लिए महाजन बिरादरी में जंग

प्रधानगी के ओहदे के लिए महाजन बिरादरी में जंग

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अखिलभारतीय महाजन शिरोमणि सभा के प्रधानगी के पद के लिए घमासान शुरू हो चुका है। मैदान में उतरे दोनों उम्मीदवार जंगी लाल महाजन तथा अमृत लाल महाजन एक-दूसरे पर वादा खिलाफी का आरोप लगा रहे हैं।

सोमवार को यहां आल इंडिया महाजन जागरण मंच की बैठक में बिरादरी के लोगों ने दोबारा मैदान में उतरे अमृत लाल को सिरे से खारिज करते हुए जंगी लाल को समर्थन देने का ऐलान किया है।

अखिल भारतीय महाजन शिरोमणि सभा देश की करीब एक करोड़ महाजनों की नुमाइंदगी करने वाली संस्था है। इसके प्रधान पद का चुनाव हर दो साल बाद होता है। इस बार चुनाव 22 फरवरी को होने हैं और इसके लिए पूरे देश में दो दर्जन से अधिक सेंटर बनाए गए हैं। इसमें 11,000 के करीब लोग मतदान करेंगे।

प्रधानगी पद के लिए पूरे देश से 9 उम्मीदवार मैदान में थे। बाद में छह ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद जंगी लाल महाजन, अमृत लाल महाजन दोनों अमृतसर तथा जम्मू से विनोद कुमार गुप्ता मैदान में रह गए थे।

22 जनवरी को बिरादरी की सहमति पर अमृत लाल तथा विनोद कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया था और जंगी लाल के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ हो गया था। उक्त दोनों लोगों ने चुनाव अधिकारी जस्टिस एसएन ढींगरा को इस बाबत लिखित दिया था।

ऑल इंडिया महाजन जागरण मंच के लोग जंगी लाल महाजन के समर्थन में बैठक करते हुए। भास्कर

अमृत लाल महाजन दिए हुए हलफनामे से मुकरते हुए दोबारा मैदान में उतर आए। इसी से नाराजगी जताते हुए बिरादरी के लोगों ने बैठक की और उनकी इस कारगुजारी की निंदा की। जंगी लाल महाजन का कहना है कि अमृत लाल ने वादा खिलाफी की है और इससे बिरादरी में बिखराव पैदा होगा। जंगी लाल का कहना है कि जो इंसान बिरादरी के साथ हुए समझौते से मुकर सकता है वह बिरादरी के हितों हकों के लिए क्या काम करेगा। बिरादरी उस उम्मीदवार का समर्थन करे जो जुबान का पक्का हो।

अमृत लाल का पलटवार

अमृतलाल महाजन का कहना है कि समझौते के वक्त उन्होंने एक शर्त रखी थी, जिसमें सभा में शामिल उस व्यक्ति को हटाने की मांग की गई थी, जिसके कारण बिरादरी 12 सालों से कोर्ट-कचहरी में चक्कर लगा रही है। उस दौरान उसे हटाने की बात भी स्वीकारी गई थी, मगर बाद में ऐसा नहीं किया गया। उनका कहना है कि जब दूसरों ने वादा पूरा नहीं किया तो हमने भी अपना वादा तोड़ा, क्योंकि यह कौम के भविष्य का मामला है। उन्होंने भी बिरादरी से अपील की है कि वह सही और गलत को परख कर ही वोट डालें।