- Hindi News
- मेरिट लिस्ट में राजबीर का नाम, सिलेक्ट हुआ कोई और
मेरिट लिस्ट में राजबीर का नाम, सिलेक्ट हुआ कोई और
गांवगुमानपुर भैणी की रहने वाली राजबीर कौर ने डीसी रवि भगत को वार्ड अटेंडेंट की पोस्ट की रिक्रूटमेंट में बेइंसाफी होने का आरोप लगाया है।
राजबीर ने बताया कि उसने 26 जुलाई को डिस्ट्रिक्ट ड्रग-डी एडिक्शन एंड रिहेबलिटेशन सोसायटी की ओर से निकाली गई वार्ड अटेंडेंट की पोस्ट के लिए अप्लाई किया था। 21 अगस्त को उक्त डिपार्टमैंट की ओर से जारी की गई पहली लिस्ट में मैरिट बेसिस पर उसका नाम पहले स्थान पर था। डिपार्टमेंट की ओर से उसके मोबाइल नंबर पर इस बारे में मैसेज भी आया। इसके बाद स्किल टैस्ट के लिए उसकी डयूटी 25 अगस्त से 26 अगस्त तक मेंटल अस्पताल और 27 से 28 अगस्त को स्वामी विवेकानंद कालेज में लगाई गई।
जिसमें उसने अपनी योग्यता सिद्ध की। ड्यूटी खत्म होने के बाद कहा गया कि सिलेक्टिड कैंडीडेट्स की फाइनल लिस्ट कुछ दिनों बाद इंटरनेट पर अपलोड होगी। 22 सितंबर को उसने जब फाइनल लिस्ट देखी तो उसकी जगह किसी और लड़के का नाम था। डीसी भगत ने मामले की जांच के लिए एडीसी (डी) की ड्यूटी लगाई है।