- Hindi News
- गिलानी ने राहत कैंप के लिए एसजीपीसी से मांगी मदद
गिलानी ने राहत कैंप के लिए एसजीपीसी से मांगी मदद
एसजीपीसी पूरी करेगी मांग : मक्कड़
भास्करन्यूज | अमृतसर
जेएंडकेमें बाढ़ पीड़ितों को एसजीपीसी की तरफ से पहुंचाई जा रही मदद को देखते हुए हुर्रियत नेता सैयद अली गिलानी ने कमेटी से अपने राहत कैंप के लिए सामग्री की मांग की है। उन्होंने इसके लिए कमेटी के प्रधान जत्थेदार अवतार सिंह मक्कड़ को पत्र भी लिखा है।
प्रधान मक्कड़ ने बताया कि कमेटी की तरफ से रोज राहत सामग्री भेजी जा रही है और वहां गुरुद्वारा शहीद गंज बड़गाम श्रीनगर में राहत कैंप चल रहा है। उनका कहना है कि जत्थेदार जगदेव सिंह तलवंडी के निधन के कारण वह बाढ़ पीड़ितों की खबर लेने नहीं जा सके। उन्होंने इसके लिए कमेटी के महासचिव सुखदेव सिंह भौर, अंतरिम कमेटी के मेंबर राजिंदर सिंह मेहता और सचिव मनजीत सिंह को कैंप का मुआयना करने के लिए भेजा था। इस दौरान गिलानी ने कमेटी की इस सेवा भावना को देखा और तहेदिल से सराहा।
मक्कड़ ने कहा कि उक्त टीम आज वापस गई है और उसके जरिए गिलानी ने उनके नाम पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने अपने द्वारा चलाए जा रहे राहत कैंप के लिए राशन, दवाइयां, कंबल तथा बच्चों के लिए जरूरी सामान की मांग की है। मक्कड़ ने बताया कि मांग को स्वीकार करते हुए राहत सामग्री जल्द भेजी जाएगी। प्रधान ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को कमेटी की तरफ से बिना किसी भेदभाव के मदद जारी रहेगी। उनका कहना है कि कमेटी गुरु साहिबान के सिद्धांतों पर चलते हुए सेवा का यह सिलसिला जारी रखेगी।