तीसरे दिन खुला इंडो-पाक ट्रेड
अटारीबाॅर्डरस्थित इंटीग्रेटेड चैकपोस्ट से जारी इंडो-पाक ट्रेड की हड़ताल बुधवार को तीसरे दिन मांगें मान लिए जाने के बाद खत्म हो गई। इस मसले पर कस्टम कमिश्नर सुनील कुमार साहनी की अध्यक्षता में कस्टम हाउस में बैठक हुई। इसमंे ट्रेडर, ट्रक आॅपरेटर तथा बीएसएफ के अधिकारी भी शामिल हुए।
बता दंे कि आईसीपी में इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी के कारण ट्रेड में रही रुकावट को लेकर कंफेडरेशन ऑफ इंटरनेशनल चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री, कंफेडरेशन ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री तथा अटारी बार्डर ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने संयुक्त रूप से इंडो-पाक ट्रेड सोमवार से बंद किया था।
सीडब्ल्यूसी 8 दिन के अंदर ठीक कराएगी आईसीपी का इंफ्रास्ट्रक्चर
अटारी बार्डर ट्रक आॅपरेटर यूनियन के नेताओं हरिंदरपाल सिंह लाली, सुबेग सिंह, परमिंदर राज सिंह, ने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने उनके साथ बैठक की और उनकी सभी मांगों में से 90 फीसदी मान ली गई हैं।
फैसले में कहा गया कि सीडब्ल्यूसी आईसीपी में जो भी खामियां है उनको ठीक करवाएगी ताकि ट्रेड अच्छे तरीके से चले। इसमें कच्ची जमीन काे पक्का करने, ट्रकों को खड़ा करने के लिए शेड बनाने, पोर्ट के भीतर पड़े माल का 72 घंटे तक किराया लेना शामिल है। इसके लिए सीडब्ल्यूसी को आठ दिन का वक्त दिया गया है। बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि अगर इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण कारोबारी का नुकसान होता है तो उसकी भरपाई सीडब्ल्यूसी ही करेगी। बैठक में कारोबारियों की तरफ से राजदीप उप्पल, एमपीएस चट्ठा, बीके बजाज, प्रदीप सहगल, कस्टम के एसी अमनदीप सिंह, आईसीपी के मैनेजर रामेश्वर, आईसीपी बीएसएफ के कमांडेंट जेएस विरदी समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद थे।