पीटीयू के वीसी की भागवत से शिकायत
पंजाबटेक्निकलयूनिवर्सिटी लर्निंग सेंटर एसोसिएशन ने वीरवार को आरएसएस के पंजाब प्रांत प्रचारक किशोर कांत को मेमोरेंडम सौंपते हुए पीटीयू के वाइस चांसलर रजनीश अरोड़ा को हटाने की मांग की।
एसोसिएशन के मेंबर्स गुरु नानक भवन, सिटी सेंटर में श्री माधव राव मुल्ये ट्रस्ट की तरफ से आयोजित प्रोग्राम में भाग लेने पहुंचे आरएसएस के सरसंघ चालक मोहन भागवत से मिलने पहुंचे थे, लेकिन वहां तैनात पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने कहा कि वीसी आरएसएस से जुड़े हैं और मनमानियां कर रहे हैं। पुराने रीजनल सेंटरों में डिस्टेंस एजुकेशन प्रोग्राम बंद कर दिए गए हैं, जिससे स्टूडेंट्स का भविष्य अंधकार में चला गया है और सेंटर मुलाजिम बेरोजगार हो गए हैं।
पीटीयू सेंटर डायरेक्टर आरसी यादव ने बताया कि जैसे ही एसोसिएशन के मेंबर्स वीरवार भागवत से मिलने लगे भाजपा नेता तरुण चुघ ने पुलिस से बोलकर उन्हें मिलने नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने और पठानकोट के सेंटर डायरेक्टर सुनील अरोड़ा ने किशोर कांत को मेमोरेंडम सौंपा।
इसमें कहा गया है कि वीसी अरोड़ा ने अपने नजदीकियों और पार्टी वर्कर्स को बिना टेंडर के ही कांट्रेक्ट अलॉट कर दिए। इस गोलमाल की शिकायतों के बावजूद उनपर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यादव ने कहा कि हाईकोर्ट ने मामले में पंजाब सरकार से दो हफ्ते में रिपोर्ट मांगी है और यह भी हिदायत दी है कि तब तक वीसी कोई अहम फैसला नहीं ले सकते।
पीटीयू लर्निंग सेंटर के मालिक वीसी रजनीश अरोड़ा के खिलाफ रोष जताते हुए।
ये रखी मांगें
{गैरकानूनी ढंग से सस्पेंड किए गए रीजनल सेंटरों को बहाल किया जाए।
{ लर्निंग अौर रीजनल सेंटरों की बकाया राशि का भुगतान किया जाए।
{ लर्निंग सेंटरों पर नए दाखिलों की अनुमति दी जाए।
{ गैरकानूनी ढंग से नियुक्त कोऑर्डिनेटर्स सस्पेंड किए जाएं।
{ भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई की जाए।