शहीदी कान्फ्रेंस को लेकर की गेट मीटिंग
नार्दनरेलवे मेन्स यूनियन कोआर्डिनेशन कमेटी की ओर से 19 सितंबर को पठानकोट में होने वाली 46वीं शहीदी कान्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर मंगलवार सुबह अमृतसर रेलवे स्टेशन पर गेट मीटिंग की गई। यूनियन के ब्रांच सचिव विवेक महाजन और ईश देवगन ने बताया कि कान्फ्रेंस वाले दिन सुबह 8 बजे स्पेशल ट्रेन पठानकोट के लिए रवाना होगी।
यूनियन नेताओं ने कहा कि शहीदों की याद में 46वीं कॉन्फ्रेंस उस समय होने जा रही है जब एनडीए सरकार के 100 दिन का शासनकाल पूरा हो चुका है और महंगाई बेरोजगारी उसी तरह बनी हुई है। यूपीए सरकार ने अपने 10 साल के शासन के दौरान महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के सिवाय कुछ नहीं दिया। एनडीए सरकार ने भी इस समय के दौरान मजदूरों के लिए कुछ नहीं किया।
इन मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ मजदूर वर्ग को एक मंच पर आना होगा। यूनियन नेताओं ने कहा कि रेलवे का निजीकरण किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा। इस मौके पर यूनियन नेता दिलबाग सिंह, जसमंगल सिंह, सतनाम सिंह और यशपाल आदि नेताओं ने संबोधित किया।