अमृतसर। रणजीत एवेन्यू बी ब्लाॅक मार्केट से एक चोर रिटायर बैंक मैनेजर शिव भवन ठाकुर निवासी ग्रीन एवेन्यू का स्कूटर चोरी कर ले गया। चोर बड़े ही नाटकीय तरीके से बैंक मैनेजर का पीछा करते हुए आया। चोर ने देखा कि वह बैंक में चले गए। इसके बाद उसने मोबाइल कान पर लगाते हुए इधर-उधर देखा और बड़े ही आराम से चाबी लगाई, स्कूटर स्टार्ट किया और भगा ले गया। लेकिन चोर नहीं जानता था कि वहीं पर एक आफिस के बाहर लगे सीसीटीवी में उसकी सारी हरकतें कैद हो रही है।
चोरी की वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 1.25 मिनट की है। बैंक से अपना काम खत्म कर जब शिव भवन बाहर आए तो देखा कि स्कूटर नहीं था। वह इधर-उधर ढूंढने लग पड़ा। फिर उनकी नजर सीसीटीवी पर पड़ी। उसमें देखने पर पता लगा कि स्कूटर चोरी हो गया। तुरंत मामले की जानकारी चौकी रणजीत एवेन्यू पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले पर बनती कार्रवाई शुरु कर दी है।
शिव भवन ने बताया कि वह पंजाब एंड सिंध बैंक से मैनेजर रिटायर हुए है। आज दोपहर को उन्हें बैंक में कुछ काम था तो वह अपने स्कूटर पर यहां गए। थोड़ी देर बाद आकर देखा तो स्कूटर नहीं था।
रणजीत एवेन्यू इलाके में नहीं कम हो रही वारदातें
रणजीत एवेन्यू शहर का सबसे पाश इलाका है। बी ब्लाक मार्केट भी बेहद अहम मानी जाती है। बावजूद इसके पुलिस इस इलाके में क्राइम रोकने में नाकाम साबित हो रही है। पिछले कई सालों से रणजीत एवेन्यू के चौकी इंचार्ज तक को भी बदला नहीं गया है। इसके पीछे क्या कारण है। फिलहाल यह कहना मुश्किल है। लेकिन इलाके को सुरक्षा मुहैया करवाना एक बड़ी चुनौती है।