अनुशासनहीनता के लिए शैला को पार्टी से किया जाए बर्खास्त: अरोड़ा
वार्डनंबर 63 में विकास प्रोजेक्टों के उद्घाटनी प्रोग्राम को लेकर लोकल बॉडीज मंत्री अनिल जोशी, प्रभारी राकेश गिल और भाजयुमो जिला प्रधान अविनाश शैला के बीच पैदा हुआ विवाद दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजयुमो के जिला महामंत्री गौतम अरोड़ा ने कहा कि शैला ने विरोधी पक्ष के साथ मिलकर पीठ में छुरा घोंपते हुए मंत्री जोशी की छवि खराब करने की कोशिश की है।
ऐसे लोगों को संगठन में रहने का कोई हक नहीं है। भाजयुमो के पदाधिकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा और भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शिवबीर सिंह राजन से शैला पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई करते हुए पार्टी से बर्खास्त करने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि केवल अमृतसर ही नहीं पूरे पंजाब की जनता जोशी की ईमानदारी और मेहनत को अच्छी तरह जानते हैं। जनता की सुविधा के लिए करोड़ों रुपए के विकास कार्य तथा व्यापारी वर्ग के साथ हर समय भी खड़े रहे हैं। शहर को 841 करोड़ रुपए की दी ग्रांट में से केवल हलका वेस्ट के 141 करोड़ रुपए देकर ऐतिहासिक काम किया है। इस मौके पर जिला महामंत्री मनी भाटिया, सचिव सतीश पुंज, मंगल सिंह मंगा, मंडल प्रधान सुनील राजा, जतिंदर सिंह आदि मौजूद थे।
^गौतम अरोड़ा भाजयुमो के जिला महामंत्री नहीं हैं। जिस व्यक्ति को पार्टी का काम करने के कारण पहले ही निकाल दिया गया है। ऐसा व्यक्ति के पास बर्खास्त करवाने की मांग करने का कोई हक नहीं है। यह तो आने वाले समय ही बताएगा कि पार्टी के बाहर कौन जाएगा। -अविनाशशैला, जिला प्रधान, भारतीय जनता युवा मोर्चा
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजयुमो जिला महामंत्री गौतम अरोड़ा, मनी भाटिया, सचिव सतीश पुंज, मंगल सिंह और अन्य।