बिना जोड़े बिछाई जा रही पानी निकासी की पाइपें
बसरैपिड ट्रांजिट सिस्टम प्रोजेक्ट (बीआरटीएस) के तहत बटाला रोड पर मात्र 5 फीट पर बारिश के पानी की निकासी के लिए बिना जोड़ वाली पाइपें डाल मिट्टी से ढका जा रहा है, जिसमें कभी भी लीकेज हो सकती है। जम्मू-कश्मीर हाईवे के साथ जुड़ने वाले रोड पर बिना सरिया डाले ही कंक्रीट रोड बनाई जा रही है, जो कि कभी भी धंस सकती है। यह खुलासा कांग्रेस नेता करमजीत सिंह रिंटू ने किया है, इन अनियमितताओं की वीडियो क्लिपिंग भी मीडिया को जारी की गई है।
उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम सुखबीर बादल की तरफ से जून 2016 तक प्रोजेक्ट खत्म करने के अल्टीमेटम के बाद आनन-फानन में काम निपटाया जा रहा है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है।
3 सालों से कारोबार-आवाजाही प्रभावित
कांग्रेसनेता के मुताबिक बटाला रोड पर 500 के करीब गोदाम, 400 से ज्यादा छोटे-बड़े उद्योग, और 3 हजार के करीब दुकानदार पिछले तीन वर्षों से प्रोजेक्ट का दंश झेल रहे हैं। कामकाज ठप हुआ पड़ा है और वहीं जगह-जगह पर प्रोजेक्ट के कारण सड़कों की बेहाली का टूरिज्म पर भी बुरा असर पड़ रहा है। सिटी बस फेल होने के बाद बीआरटीएस में 100 बसें चलाने की योजना समझ से परे है।
रिंटू के मुताबिक बारिश के पानी की निकासी वाली पाइपों को बिना जोड़े डाला जा रहा है और ऊपर से मिट्टी डाली जा रही है।
करमजीत रिंटू ने बटाला रोड पर चल रहे काम में बरती जा रही अनियमितताओं का खुलासा किया है और उसकी वीडियो क्लिपिंग भी जारी की है।
रिंटू ने कहा कि दुनिया भर में फेल रहे बीआरटीएस प्रोजेक्ट को लाने के पीछे सरकार की दिलचस्पी सीधे कमीशनखोरी की तरफ इशारा कर रही है। 600 करोड़ के प्रोजेक्ट में मोटी कमीशन पहुंच रही है, जिसकी जांच होनी चाहिए। शहर को कैलिफोर्निया बनाने का सपना देख रही अकाली-भाजपा सरकार अमृतसर को अमृतसर ही रहने दे तो ज्यादा बेहतर रहेगा। जनता सुखबीर और लोकल बाडीज मंत्री के शेख चिल्ली जैसे सपनों से तंग चुकी है। वहीं प्रोजेक्ट में बरती जा रही अनियमितताएं दुर्घटना को न्यौता देते हुए दिखाई दे रही हैं, ऐसे में लोगों की गाढ़ी कमाई दाव पर लगाई जा रही है।
पाइपों में रबड़ और सीमेंट इस्तेमाल हो रहा है: एक्सईएन
पीडब्ल्यूडीके एक्सईएन दलजीत सिंह के मुताबिक बारिश के पानी की निकासी के लिए डाली जा रही पाइपों में रबड़ और सीमेंट का इस्तेमाल होता है, जोकि खुद ही फिक्स हो जाती हैं। फिर भी कोई शिकायत है तो संबंधित एसडीओ को भी कहा जाएगा। बाकी कंक्रीट रोड का काम सेंट्रल वर्क्स की निगरानी में चल रहा है, वहीं सेंट्रल वर्क्स डिवीजन वन के एक्सईएन टेक सिंह ने कहा कि बीआरटीएस का काम एक्सईएन दलजीत सिंह को शिफ्ट कर दिया गया था।