अमृतसर। मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक सीआरएम सर्जिकल टेबल अधिक रेट में खरीदने के मामले में प्रिंसिपल डॉ. बीएस बल ने जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया है, जो बुधवार तक अपनी रिपोर्ट प्रिंसिपल ऑफिस को देंगे। इतना ही नहीं उन्होंने सप्लाई शाखा के इंचार्ज को भी सारा रिकार्ड कमेटी को बिना देरी पहुंचाने को कहा है। गौरतलब है कि आप पार्टी के आरटीआई सैल के कन्वीनर रविंदर सुल्तानविंड ने मामला उठाया था कि 18 लाख रुपए के यह दो टेबल मेडिकल कॉलेज ने 60 लाख रुपए में खरीदे गए हैं।
रविंदर सुल्तानविंड और नेशनल काउंसिल के सदस्य हरिंदर सिंह ने आरोप लगाए थे कि ऑपरेशन थिएटर के लिए 2013 में दो सर्जिकल टेबल्स की मांग की थी। सितंबर 2014 को मेडिकल कॉलेज में दो इंपोर्टेड आॅपरेशन थिएटर टेबल्स भेज दिए गए, जिन्हें 59.85 लाख रुपए में खरीदा गया। जिन्हें मार्च 2015 में मेडिकल कॉलेज को भेजा गया। हैरान करने वाली बात है कि डिलीवरी के चार माह बाद अगस्त में यह टेबल आर्थो वार्ड को मिले।
इतना ही नहीं इन टेबलों के प्रयोग के दो माह बाद ही यह खराब हो गए और आजतक खराब ही पड़े हुए हैं। उन्हें जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने आरटीआई के माध्यम से इसका रिकार्ड मंगवाया। यह टेबल 59.85 लाख रुपए में खरीदे गए। जब उन्होंने उसी कंपनी से इन्हीं टेबलों की डिटेल मंगवाई तो पता चला कि कंपनी टेबल मात्र 9.26 लाख रुपए में बेच रही है। 20 % डिस्काउंट भी दे रही है। डिस्काउंट के बाद कंपनी उन्हें यह टेबल 7.73 रुपए में देने को भी तैयार हो गई।
कमेटी में 3 डॉक्टर
शिकायत मिलने के बाद डायरेक्टर के आदेशों पर कमेटी का गठन किया गया है। इसमें फार्माकोलॉजी विभाग के मुखी डॉ. जसवंत राय, फिजियोलॉजी विभाग के मुखी डॉ. राम स्वरूप और आर्थो विभाग के मुखी डाॅ. एचएस सोहल हैं। मैंने कमेटी को अपनी रिपोर्ट बुधवार तक प्रिंसिपल ऑफिस में सबमिट करने को कहा है। डॉ.बीएस बल, प्रिंसिपल मेडिकल कॉलेज