अमृतसर। अमृतसर ब्रांच आॅफ नार्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल इंस्टीट्यूट आॅफ चार्टड अकाउंटेंट्स आफ इंडिया के चुनाव शनिवार को न्यू अमृतसर स्थित आईसीएआई भवन में संपन्न हुए। इस दौरान 11 उम्मीदवारों के बीच कड़े चुनावी मुकाबले में 8 सदस्यीय कार्यकारिणी चुन ली गई।
3 साल के लिए चुनी गई कार्यकारिणी अब आगे 4 पदाधिकारियों को 1 साल के कार्यकाल के लिए चुनेगी। चुनाव प्रक्रिया को सिरे चढ़ाने के लिए सीए संजय अरोड़ा ने रिटर्निंग अफसर की भूमिका निभाई।
सुबह 9 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक मतदान हुआ, जिसमें 576 वोटरों में से 423 वोटें डाली गईं। ब्रांच के चेयरमैन सीए गौरव गुप्ता और उनकी टीम ने नई चुनी गई कार्यकारिणी को बधाई दी। इस दौरान नवनिर्मित सीए भवन के बाहर मतदान करने पहुंचे मेंबरों की खासी भीड़ जुटी रही।
संजय, अमित और पूजा पहले राउंड में चुने गए
मतदानगणना के पहले राउंड में ही सीए संजय अरोड़ा, सीएम अमित हांडा और सीए पूजा त्रिखा क्वालिफाई कर गए, इसके बाद सीए संजीव कुमार, सीए दविंदर सिंह और सीए नीरज शर्मा, सीए सुधीर कुमार और सीए इकबाल सिंह के नाम भी घोषित कर दिए गए। वहीं चुनाव में सीए पंकज खनेजा, सलिल महेंद्रू और सुनील कुमार चूक गए। चुनाव में सीए संजय अरोड़ा को सबसे ज्यादा 73 वोटें पड़ी।