हफ्ता वसूली करने आए लोगों ने दुकानदार को किया जख्मी
पैसे देने से मना करने पर आरोपियों ने किया हमला
भास्करन्यूज | अमृतसर
आईडीएच मार्केट में दुकान करते रमन भारद्वाज से हफ्ता वसूली करने आए लोगों को पैसे देने से मना किया तो उनके साथ मारपीट कर गंभीर जख्मी कर दिया। इसी दौरान मार्केट के बाकी दुकानदार भी मौके पर अा गए तो आरोपी रमन के गले से सोने की चेन और गल्ले से करीब 23 हजार रुपए लेकर फरार हो गए। वारदात शुक्रवार रात की है। इस संबंधी जानकारी मिलने पर थाना कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और रमन को गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती करवा बनती कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस शिकायत में रमन ने बताया कि वह अपने भाई रघु के साथ रात को दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक स्कार्पियो गाड़ी में राकेश कुमार, लाली गबरू, नितिन,अमित शर्मा बीनी तीन-चार युवक आए। सभी के पास तेजधार हथियार थे। आते ही सभी आरोपी उनसे पैसे मांगने लग पड़े। लेकिन उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया और आरोपियों का विरोध किया।
इस पर सभी ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और हथियारों के साथ जख्मी कर दिया। आरोपी गल्ले से 23 हजार रुपए उनकी सोने की चैन भी छीनकर भाग गए।