ड्राइवर की आंख लगी, कार समेत ही सुभानपुर बेईं में गिरे छह युवक
जाकोराखेसाइंयां मार सके कोय। यह कहावत मंगलवार को कस्बा सुभानपुर में सुबह हुए एक पर एक हादसों पर स्टीक बैठती है। यहां पर दिल्ली (नोएडा) से अमृतसर जा रहे छह कार सवार युवक ड्राइवर की आंख लगने के कारण बेईं पुल से नीचे पानी में गिर गए। वहां संत सीचेवाल के सेवादार जरनैल सिंह उनके लिए मसीहा बन पानी में उतर आए। जरनैल सिंह ने सभी को नाव के सहारे पानी से बाहर निकाला। यह हादसा सुबह पांच बजे के करीब हुआ। इसके बाद पानी से कार निकालने के लिए क्रेन लाई गई, लेकिन वह भी पलट गई। हादसे में किसी को खास चोटें तक नहीं आईं लेकिन हादसा होने से नेशनल हाईवे पर करीब दो घंटे लंबा जाम लग गया। एएसआई मनजीत सिंह, एएसआई सुरिंदर सिंह ने बताया कि दिल्ली (नोएडा) से ट्रांसफार्मर कंपनी के छह कर्मचारी संतोष सिंह, पवन नेगी, राज शेखर, कैलाश सिंह, तबश आदि कार में अमृतसर जा रहे थे। जैसे ही वे कस्बा सुभानपुर के पास पहुंचे तो कार ड्राइवर की आंख लग गई। उनकी कार सुबह पांच बजे के करीब बेईं पुल से नीचे पानी में गिर गई। बेईं की देखभाल करने वाले बाबा बलबीर सिंह सीचेवाल के सेवादार जरनैल सिंह ने उन्हें देख लिया। जरनैल सिंह ने तुरंत वहां पर पहुंच कर नाव के सहारे सभी को पानी से बाहर निकाल लिया। ठंड से बचाने के लिए अलाव जलाकर सभी कार सवारों को बैठाया। बाद में उनको अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया।
कार को बेईं से बाहर निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई, लेकिन वह भी पलट गई। इसके बाद दूसरी क्रेन मंगवाकर पलटी क्रेन और पानी में गिरी कार को बाहर निकाला गया।