ऑटो रिक्शा और स्कूल वैन चालकों ने कल हड़ताल रखने का किया ऐलान
अकालीभाजपा सरकार के आदेशों पर अमृतसर प्रशासन तथा ट्रैफिक पुलिस विभाग ने चालीस हजार ऑटो रिक्शा तथा स्कूल वैन चालकों का कारोबार तबाह कर दिया है। करीब एक हजार से ऊपर ऑटो रिक्शा ट्रैफिक विभाग ने बंद कर दिए हैं। हजारों की संख्या में चालान किए गए। चालकों ने ट्रैफिक पुलिस की इसी धक्केशाही के खिलाफ कंपनी बाग में बैठक की और बैठक में अनिश्चितकालीन हड़ताल करने का फैसला किया गया। हड़ताल में ऐलान किया गया कि 16 फरवरी से ऑटो रिक्शा तथा स्कूल वैन चालक स्कूल में बच्चों को लेकर नहीं जाएंगे। 16 फरवरी बच्चों के अभिभावक स्कूल से लाने ले जाने का खुद इंतजाम कर ले।
यूनियन के प्रधान राम शरणपाल ने बताया कि नए ऑटो रिक्शा की रजिस्ट्रेशन तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर काहन सिंह पन्नू की ओर से जिला परिवहन अधिकारी को हिदायतें जारी करके बंद कर दी थी। पन्नू के तबादले के बाद जिला परिवहन अधिकारी की ओर से तकरीबन दस हजार से ऊपर ऑटो रिक्शा की रजिस्ट्रेशन सभी नियमों की उल्लंघना करके मानयोग हाईकोर्ट के आदेशों की परवाह करते हुए अपने निजी फायदे के लिए किए गए। इस रजिस्ट्रेशन बारे केस मानयोग पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में केस भी चल रहा है।
जिला ट्रैफिक पुलिस अवैध रजिस्ट्रेशन का फायदा उठाकर ऑटो रिक्शा चालकों को लूट रही है। ट्रैफिक पुलिस की धक्केशाही बढ़ती ही जा रही है। रोजाना ही ऑटो चालकों के साथ कभी मारपीट की जाती है तो कभी उनके चालान काटकर ऑटो जब्त किए जा रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर सेे सेफ स्कूल वाहन पॉलिसी का हवाला देकर स्कूल में नई बसे चलाने के लिए हिदायतें जारी की हैं और दबाव बनाया जा रहा है कि इसे तुरंत लागू किया जाए। स्कूल बसों में कैमरे लगे हो, एक महिला और एक मर्द हेल्पर ड्राइवर अलावा बच्चों की देखभाल के लिए बस में सफर करें, बस के दरवाजे अपने आप खुले और बंद हों, इसका कंट्रोल ड्राइवर के पास हो। अगर यह सब कुछ किया जाता है तो बच्चों के वारिसों को प्रति बच्चा तकरीबन 3 हजार रुपये प्रति महीना स्कूल लाने ले जाने का खर्च आएगा, जोकि लोग नहीं दे सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर औरंगजेबी फरमान वापिस लिए गए तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर मनमोहन सिंह गुमटाला, रोयपाल मान, जसविंदर अदलीवाल, रमेश कुमार, लाडी प्रधान, साबी प्रधान, हरदयाल सिंह, सुखविंदर सिंह, सुख प्रधान, हरजिंदर सिंह, लड्डू प्रधान, मिंटू प्रधान, हरजिंदर, बोबी प्रधान आदि मौजूद थे।
रामशरण पाल कंपनी बाग में आॅटो-रिक्शा और वैन चालकों को संबोधित करते हुए।
अमृतसर | पंजाबराज ऑटो रिक्शा यूनियन के प्रधान मनमोहन सिंह बंटी वेरका ने अमृतसर अॉटो रिक्शा और स्कूल वैन चालक वेल्फेयर एसोसिएशन की ओर से 16 फरवरी को की गई हड़ताल की घोषणा का बायकाट किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ऑटो चालकों को लाइसेंस बनवाने और उन्हें वर्दी पहनकर ऑटो चलाने की बात कर रहा है, जोकि जायज है, लेकिन कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए हड़ताल कर रहे हैं। बंटी ने कहा कि ऑटो चालकों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर 16 फरवरी को किसी राहगीर के साथ दुर्व्यवहार होता है तो उसके लिए अमृतसर ऑटो रिक्शा और स्कूल वैन चालक वेल्फेयर एसोसिएशन जिम्मेवार होगी।