लुटेरों ने एटीएम को गैस कटर से काटा तो बजा हूटर, इसलिए बच गए 10 लाख रुपए
अमृतसर | तरनतारनरोड पर लगे स्टेट बैंक आफ पटियाला (एसबीपी) के एटीएम को लुटेरों ने रविवार तड़के गैस कटर से काट दिया, लेकिन समय रहते हूटर बजते ही आरोपी फरार हो गए। तरनतारन रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला शाखा के बाहर ही एटीएम लगा है। रविवार तड़के मौका पाते ही लुटेरे एटीएम में पहुंचे और मशीन में लगे सीसीटीवी कैमरे पर पेंट स्प्रे किया। इसके बाद लुटेरों ने गैस कटर से एटीएम मशीन काटनी शुरू की। मशीन काटते समय हूटर बज गया और पुलिस अलर्ट हो गई। शोर मचते ही आरोपी फरार हो गए। सी डिवीजन के थाना प्रभारी अमरीक सिंह बताया कि एटीएम में 10 लाख रुपए सुरक्षित हैं। कमरे में लगे कैमरे से फुटेज निकलवाई जा रही है।