भाई सरबजीत की रिहाई के लिए सजदा करने पहुंची एेश
दलबीर के रोल में एेश्वर्या, सरबजीत के रोल में रणदीप हुड्डा
भारतीयनागरिक सरबजीत सिंह की पाकिस्तान की जेल में तीन साल पहले मौत हो चुकी है। सरबजीत की जिंदगी पर बन रही फिल्म ‘सरबजीत’ की शूटिंग अमृतसर, तरनतारन और उसके आसपास के इलाके में शुरू हो गई है। एश्वर्या राय सरबजीत की बहन दलबीर कौर का रोल िनभा रही हैं। पहला शूट आउट बुधवार को अमृतसर से 12 किमी दूर राजासांसी रोड के किनारे बनी हुसैन शाह की दरगाह पर हुआ।
पाक जेल में बंद भाई सरबजीत की सही-सलामत वापसी के लिए ऐश्वर्या राय बच्चन दरगाह पर सजदा करने पहुंचती हैं। आसपास चौकस सुरक्षा व्यवस्था और भीतर कव्वालियों का दौर चल रहा है। काले बुर्के में मुस्लिम महिलाएं माथा टेकने के लिए लाइन में लगी हुई हैं। कैमरे तैयार हैं और इर्द-गिर्द रिफ्लेक्टर प्लेटें लगाई गई हैं। साधारण सा पंजाबी लिबास पहने ऐश दरगाह परिसर में दाखिल होती हैं। एक्शन की आवाज आते ही पूरी टीम हरकत में जाती है। ऐश सिर पर चुन्नी लेते हुए कुछ बुदबुदाती हैं फिर परिक्रमा करती हुई बड़े ही अदब से माथा टेकती हैं। सीन कंप्लीट होते ही कट! कट!! कट!! की आवाज उभरती है और सभी नाॅर्मल हो जाते हैं।
फिल्म ‘मैरीकॉम’ फेम डायरेक्टर उमंग कुमार द्वारा निर्देशित तथा प्रोड्यूसर जीशान कादरी तथा संदीप सिंह द्वारा बनाई जा रही है। शूटिंग के लिए सुबह 9 बजे के बाद यहां टीम पहुंची और दोपहर को लंच ब्रेक हुआ। इसके बाद शाम को धूप रहने तक शूटिंग हुई। गौर हो कि फिल्म में सरबजीत का किरदार रणदीप हुड्डा निभा रहे हैं। 19 मई को रिलीज होने वाली इस फिल्म का 70 फीसदी हिस्सा मुंबई में शूट कर लिया गया है। 1991 में सरबजीत के पाकिस्तान जाने से लेकर उसके कत्ल तक के 22 साल के दौर में दलबीर ने जिस शिद्दत से भाई के लिए लड़ाई लड़ी उसे कैमरे में कैद किया जा रहा है। बाकी के 30 फीसदी हिस्से में सरबजीत के घर भिखिविंड और अमृतसर तथा तरनतारन के उन सरहदी इलाकों को भी कैमरे में कैद किया जाना है। आठ दिन तक चलने वाली इस शूटिंग में सरबजीत के घर-परिवार और उसके पाकिस्तान में प्रवेश तथा बहन की मन्नतों मुरादों के दौर को दिखाया जाएगा। आज के सीन में ऐश के माथा टेकने के मार्फत यह बताने की कोशिश की गई है कि बहन दलबीर उसकी सकुशल वापसी के लिए कानूनी पक्ष से तो लड़ाई लड़ी ही बल्कि धार्मिक रूप से हर उस दरगाह, मंदिर, गुरुद्वारे, मस्जिद, चर्च तक में भाई के लिए मन्नतें मानीं और अरदास की ताकि उनका भाई वापस जाए।
पंजाबी लिबास में कार से उतरती ऐश्वर्या राय।