मन बहलाने के लिए आम आदमी पार्टी बहुत बढ़िया:सुखबीर
डिप्टीसीएम सुखबीर सिंह बादल ने वीरवार को गुरु नगर और दरबार साहिब परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले वह प|ी तथा केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ दरबार साहिब में माथा टेकने भी गए।
उन्होंने विकास कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि साल 2017 के विधानसभा चुनावों में ज्यादातर नए चेहरे लाए जाएंगे और युवाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। इस दौरान हरेक विधायक की कारगुजारी की समीक्षा की जाएगी और उनके विधान सभा क्षेत्र के लोगों से उनके बारे में विचार लिए जाने के बाद ही फैसला लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि आगामी विस चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा और शिरोमणि अकाली दल लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा। खडूर साहब उप चुनाव के संबंध में उनका कहना है कि इतिहास में पहली बार हुआ है कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल मैदान छोड़ कर भाग गए। कामेडियन गुरप्रीत घुग्गी के ‘आप’ में शामिल होने संबंधी पूछे एक सवाल पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि मन-बहलाने के लिए आम आदमी पार्टी बहुत बढ़िया है। उन्होंने कहा कि नवंबर तक पवित्र नगरी में चल रहे प्रोजेक्ट मुकम्मल कर इसका चेहरा बदल दिया जाएगा। विकास प्रोजेक्टों के चल रहे कार्य कारण लोगों को रही मुश्किलों के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट बहुत बड़े हैं और जो काम 40 साल में होना था, हम उसे 4 साल में करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मौके पर एसजीपीसी के मुख्य सचिव एसजीपीसी हरचरण सिंह, सीनियर अकाली नेता नवदीप सिंह गोल्डी आदि मौजूद थे।
दरबार साहिब के भीतर जारी विकास कार्यों का जायजा लेते सुखबीर बादल।