अवैध इमारतों पर मेयर-कमिश्नर को घेरेंगे पार्षद
नगरनिगम कमिश्नर प्रदीप सभ्रवाल के ट्रेनिंग पर जाने से पहले मेयर बख्शी राम अरोड़ा ने कई अहम प्रस्तावों पर पार्षदों की मोहर लगवाने के लिए वीरवार को हाउस की मीटिंग बुलाई है। ऑफिस टाइम के बाद शाम पांच बजे रखी गई इस मीटिंग में अरोड़ा जल्दी-जल्दी में पार्षदों से एजेंडा पास करवाने की कोशिश में रहेंगे। इस दौरान वॉटर मीटर पॉलिसी, जेसीबी, कवर्ड हाइड्रोलिक, ट्रालियां, डंप को जाने वाले रास्ते के लिए जमीन खरीदने का प्रस्ताव रखा जाएगा, लेकिन पिछले दिनों चर्चा का विषय रही शहर में बनी रही अवैध बिल्डिंगों की भरमार को पार्षद इस मीटिंग का मुख्य एजेंडा बनाएंगे। अरोड़ा ने कमिश्नर और एसटीपी की ओर से अवैध बिल्डिंग्स पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। इसके बाद हाउस की भाईवाल पार्टी और विपक्ष ने भी इस बात का समर्थन करते हुए कमिश्नर के खिलाफ प्रस्ताव लगाने की मांग की थी। सूत्रों के अनुसार मीटिंग के दौरान पार्षद मेयर को उनकी पॉवर याद दिलाएंगे कि वह किसी भी बिल्डिंग्स पर कार्रवाई करने के लिए सीधे ऑर्डर कर सकते हैं। इसके साथ ही सेहत, डेथ एंड बर्थ, सिविल और ओएंडएम विभाग के कच्चे चिट्ठे पेश होंगे। पार्षदों के अलावा मीटिंग में यूनियन की तरफ से भी हो-हल्ला किया जा सकता है।
31 मार्च 2017 से पहले लगवाने होंगे वॉटर मीटर
पंजाबसरकार की ओर से लागू वॉटर मीटर के तहत रिहायशी और कॉमर्शियल बिल्डिंग्स में पानी के कनेक्शन के साथ 31 मार्च 2017 तक वॉटर मीटर लगवाने होंगे, जबकि इंडस्ट्रियल अदारों को 31 मार्च 2016 तक मीटर लगवाने पड़ेंगे। अलग-अलग स्लैब में लोगों को 25 रुपए से लेकर 500 रुपए प्रति महीना पानी बिल अदा करना पड़ेगा। हाउस की मोहर लगाने के बाद सरकार से मंजूरी लेकर इस पॉलिसी को लागू किया जाएगा।
डंप के रास्ते के लिए 7,825 वर्ग गज जमीन खरीदेगा निगम
भक्तांवालास्थित कूड़े के डंप तक जाने के लिए कुछ महीने पहले निगम ने किराए पर प्राइवेट रास्ता लिया था, लेकिन सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने से पहले पक्का रास्ता बनाने के लिए निगम 7825 वर्ग गज जमीन खरीदेगा। निगम की 7 सदस्यों की कमेटी ने एक मालिक से 8100 रुपए प्रति गज और दूसरे मालिक से 7000 रुपए प्रति गज के हिसाब से जमीन खरीदने का फैसला लिया है। इसके अलावा कूड़े की लिफ्टिंग के लिए 24 लाख रुपए की लागत से कवर्ड हाइड्रोलिक और नई ट्रालियां खरीदने का प्रस्ताव रखा जाएगा।