ईपीएफओ ने करवाया ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रम
रीजनल कमिश्नर ने कहा, चूक करने वाले संस्थानों के 90 बैंक खाते किए अटैच
भास्करन्यूज| अमृतसर
इम्प्लाइजप्रोवीडेंट फंड आर्गेनाइजेशन की ओर से बुधवार को ‘निधि आपके निकट, कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नियोक्ताओं और कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस कार्यक्रम में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ओर से हाल ही में की गई नई शुरुआतों पर विचार-विमर्श किया गया और इसके अतिरिक्त उनकी शिकायतों का उसी समय निवारण भी किया गया। रीजनल कमिश्नर योगेश कुमार ने इस मौके पर कहा कि यह कार्यक्रम एक व्यापक और भागीदारी पूर्ण दृष्टिकोण प्रस्तुत करता है। उन्होंने बताया कि जनवरी महीने में 1256 दावों का निपटारा किया गया जिसमें से 1024 दावों का निपटारा तीन दिन के अंदर किया गया। इसी महीने 924 करोड़ रुपए की राशि कर्मचारियों के अंशदान के रूप में प्राप्त हुई है। वैसे संस्थान जो कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम ,1952 और इसके अंतर्गत योजनाओं का अनुपालन नहीं कर रहे, को मुकदमा और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। जनवरी महीने में ही 40 नए पेंशनरों की पेंशन लगाई गई। बीते दस महीने में सेवा के दौरान मृतक भविष्य निधि सदस्यों के परिवार के सदस्यों को 39.61 लाख का भुगतान किया गया। इसके अलावा चूक करने वाले संस्थानों के 90 बैंक खातों को अटैच किया गया।