अटारी हलके में 14 हजार टायलेट्स का निर्माण जल्द पूरा हो : रणिके
विधानसभाहलका अटारी में स्वच्छ भारत अभियान मिशन के अधीन बनाए जा रहे 14 हजार शौचालयों के चल रहे निर्माण के कामों का जायजा लेते हुए कैबिनेट मंत्री गुलजार सिंह रणिके ने मीटिंग दौरान ब्लॉक विकास पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए कि शौचालय के चल रहे निर्माण के काम में तेजी लाई जाए और इस काम को हर हालत में जल्द मुकम्मल किया जाए। रणिके ने डीसी वरुण रुजम को कहा कि वह हर सप्ताह पंचायत और जल सप्लाई सेनिटेशन विभाग के अधिकारियों से मीटिंग करके शौचालय के निर्माण के चल रहे काम का जायजा ले। मीटिंग दौरान उन्होंने कहा कि अटारी हलके के 33 और वेरका के 26 गांवों में शौचालयों का निर्माण काम शुरु हो चुका है और इन शौचालयों काम जल्द मुकम्मल हो जाएगा। डीसी वरुण रुजम ने एडीसी विकास को भी निर्देश दिए कि जल सप्लाई और सेनिटेशन पंचायत विभाग के अधिकारियों के बीच तालमेल पैदा करने के लिए कोआर्डिनेशन कमेटी का गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि दोनों विभागों के अधिकारी गांवों में जाकर लाभपात्रियों में सरकार के इस प्रोजेक्ट बारे जागरूक भी करेंगे। इस मौके पर एडीसी विकास एसपी आंगरा, एसडीएम राजेश शर्मा और विकास जल सप्लाई सेनिटेशन विभागों के अधिकारी मौजूद थे।