बरनाला । अकाली नेता व कोटकपूरा मार्केट कमेटी के चेयरमैन ने शनिवार सुबह 5 बजे कोटकपूरा पुलिस को साथ लेकर शहर के एक दंपती की पिटाई कर दी। रिवाॅल्वर हवा में लहरा गुंडागर्दी की। लोगों इकट्ठे हुए तो हमलावर पुलिस सहित भाग गए।
बरनाला थाने के एसएचओ सूचना के साढ़े 3 घंटे बाद पहुंचे। दंपती रणजीत सिंह और सुखदर्शन कौर को सिविल में भर्ती करवाया गया। लोगों ने अकाली नेता व पुलिस खिलाफ नारेबाजी की। बरनाला के रणजीत सिंह के बेटे लक्की सिंह कंडा ने बताया, उसकी शादी 20 अप्रैल 2014 को कोटकपूरा की बलजीत कौर से हुई थी। बाद में पता चला, बलजीत तलाकशुदा है।
पता किया तो बात सही निकली। बलजीत की शादी 2012 में मोगा के नवदीप सिंह से हुई थी। लक्की ने बताया, जब उसने बलजीत से तलाक मांगा तो वह 2 मई 2015 को मायके कोटकपूरा चली गई। वहां उसके परिवार पर दहेज का केस दर्ज करवा दिया। लक्की ने बताया, शनिवार को अकाली नेता जसपाल सिंह, कोटकपूरा का एएसआई जगदीश सिंह, 2 अन्य मुलाजिम, लड़की के पिता गुरनाम सिंह, भाई अमनदीप सिंह सहित 8-10 अंजान लोग घर आ धमके। रिवाॅल्वर लहराकर डराया। पिता और मां को पीटना शुरू कर दिया। लोग जुटे तो भाग निकले। हमलावर 3 गाड़ियों में आए थे। पुलिस को फोन किया लेकिन एसएचओ सिटी दविंदर सिंह साढ़े 3 घंटे बाद पहुंचे।
दहेज केस में िगरफ्तार करने आए थे, हमला नहीं किया : एसएचओ
अकाली नेता के साथ आई कोटकपूरा पुलिस ने बरनाला पुलिस को भी सूचना नहीं दी। कोटकपूरा सिटी थाने के एसएचओ गुरदीप सिंह ने कहा, लक्की सिंह पर दहेज का मामला दर्ज है। एएसआई जगदीश सिंह टीम के साथ उसे गिरफ्तार करने गए थे। साथ में अकाली नेता नहीं था और परिवार के साथ पुलिस टीम ने मारपीट नहीं की। उन्होंने माना कि हमने आने से पहले बरनाला पुलिस को सूचित नहीं किया। ये हमारी गलती है।