तरनतारन । खडूर साहिब उपचुनाव के लिए शनिवार को वोटिंग है। लेकिन एक दिन पहले ही सांझा मोर्चा के आजाद उम्मीदवार डाॅ. सुमेल सिंह और कांग्रेस से आजाद होकर चुनाव लड़ रहे भूपिंदर सिंह बिट्टू ने बूथ कैप्चरिंग की आशंका के साथ अकाली दल पर शराब और पैसा बांटने के आरोप जड़ दिए हंै।
साथी ही कहा, चुनाव प्रचार थमने के बाद भी बाहरी अकाली विधायक सरपंचों के घरों में छुपकर बैठे हुए हैं। इसकी शिकायत चुनाव कमीशन को भेज दी है। डॉ. सुमेल सिंह ने शिकायत में कहा, प्रचार थमने के बाद भी अजनाला के शिअद विधायक अमरपाल सिंह बोनी वईपुंई में बैठे हुए हंै। इसके अलावा एक विधायक गांव कोट मुहम्मद खां में भी चुनाव प्रचार करने में लगा हुआ है। इस पर उन्होंने चुनाव अधिकारी वीके सिंह को मेसैज भेज कर शिकायत कर दी है।
उन्होंने कहा, कई गांवो में तो शराब भी बांटी जा रही है। चुनाव के समय बूथ कैपचरिंग होने का भी खतरा है। इसके लिए उन्होंने डीआईजी को भी शिकायत कर दी है। भूपिंदर सिंह बिट्टू ने कहा, हलके में सत्ताधारी पार्टी अपनी हार देखकर गांवो में चोरी छुपे शराब बांटने में लगे हुए हैं। कई गांवो में शराब की पेटियां भेजी गई हैं। आशंका है, पैसा भी बांटा जा रहा है।