पठानकोट। पठानकोट एयरबेस पर हमले में मारे गए आतंकियों की संख्या को लेकर उठ रहे सवालों के बीच बुधवार को एनआईए चीफ शरद कुमार दूसरी बार पठानकोट पहुंचे। बुधवार दिनभर एनआईए चीफ ने एयरबेस के अंदर रहकर मामले की जांच के लिए गठित एनआईए टीमों के साथ मीटिंग की और अभी तक जुटाए सुबूतों पर चर्चा भी की। इसके अलावा एनआईए चीफ ने एयरबेस का हवाई सर्वेक्षण भी किया। उनके वीरवार को भी पठानकोट में रहकर मामले की जांच-पड़ताल करने की संभावना जताई जा रही है।
एनआईए चीफ दोपहर 2 बजे दिल्ली से विशेष विमान से पठानकोट एयरबेस पहुंचे। यहां उन्होंने जांच कर रहे एनआईए के आईजी रैंक के अधिकारियों से मीटिंग की। मीटिंग के बाद उन्होंने एयरबेस का हवाई सर्वेक्षण कर भीतर घुसने की संभावनाओं पर चर्चा की। वीरवार को भी एनआईए चीफ एयरफोर्स और पुलिस के लोकल अधिकारियों के साथ जांच को लेकर चर्चा कर सकते हैं। उनके बाॅर्डर पर एक बार फिर जाकर जांच करने की उम्मीद जताई जा रही है। गौरतलब है कि 2 जनवरी को आतंकी बाॅर्डर क्राॅस कर आए थे और उनके जूतों के निशान सीमावर्ती इलाके में खेतों के बीच मिले हैं। एनआईए ने एसपी सलविंदर सिंह, उनके कुक मदन गोपाल और दोस्त ज्वैलर राजेश से पूछताछ की है। वहीं, आतंकी हमले में अंदर से मदद मिलने की आशंका के बाद एनआईए ने एयरबेस के अंदर आने-जाने वाले 16 मजदूरों के घरों की तलाशी लेने के साथ उनके बैंक खातों की जांच भी की है। इसके अलावा 1 और 2 जनवरी को पठानकोट इलाके में होने वाली मोबाइल कॉल डिटेल को भी खंगालकर देखा।