अमृतसर। केंद्र सरकार की तरफ से जनवरी से 2 लाख और ज्यादा खरीद-फरोख्त पर पैन कार्ड लाजिमी किए जाने के विरोध में देशव्यापी हड़ताल के तहत सर्राफा बाजार बुधवार को बंद रहा। कारोबारियों का विरोध था कि महंगी आइटम पर यह फैसला लागू करना अव्यवहारिक है, जिससे सेल प्रभावित हुई है और सरकार के रैवेन्यू को भी नुकसान हो रहा है। सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि देश में पैन कार्ड सिर्फ नाम मात्र लोगों के पास है, ऐसे में लिमिट को बढ़ाकर ट्रेड का नुकसान होने से बचाया जाए।
ग्राहक आनाकानी करता है
तनिष्क ज्वैलरी के फ्रेंचाइजी एचएस मदान के मुताबिक उनकी कंपनी ने हमेशा सरकार की नीतियों की पालना की है। ग्राहक चेक या क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करते हैं, फिर भी पैन कार्ड मांगा जाए तो वह आनाकानी करते हैं। वहीं पैन न होने की सूरत में फार्म 60 भरना पड़ता है, जोकि काफी जटिल है। लिमिट को बढ़ाया जाना चाहिए।
50% कारोबार प्रभावित हुआ
आल इंडिया जेम एंड ज्यूल्स फेडरेशन के गवर्निंग बोर्ड आफ डायरेक्टर प्रेम कुमार के मुताबिक सर्राफा, स्वर्णकार कारोबार हैंडिक्राफ्ट कैटेगरी में है। जिसे सुविधाएं दी जानी चाहिए, न कि सख्त और अव्यवहारिक कानून लागू होने चाहिए। लिमिट 10 लाख की जानी चाहिए। नए कानून से 50% से कारोबार प्रभावित हुआ है।
दो नंबर का काम प्रमोट होगा
खुराना ज्वैलरी हाउस के पार्टनर पंकज अरोड़ा के मुताबिक ज्वैलरी महंगी आइटम
है, ऐसे में 2 लाख की लिमिट बहुत कम है। अगर यह फैसला बदला नहीं गया तो दो नंबर का काम प्रमोट होगा और जेन्यून ट्रेड बहुत बुरी तरह से प्रभावित होगी। इससे सरकार के रैवेन्यू को भी नुकसान होगा।
जेन्यून कारोबार पर असर पड़ेगा
माली राम ज्वैलरी हाउस के पार्टनर मनु कपूर के मुताबिक देश में मात्र 3 से 4 फीसदी पैन कार्ड धारक हैं। इस फैसले से ऑर्गेनाइज्ड सेक्टर की सेल पर बुरा असर पड़ेगा और दो नंबर का कारोबार बढ़ना स्वभाविक है।
95 फीसदी के पास पैन नहीं
सर्राफा स्वर्णकार सोसाइटी पंजाब के प्रधान चरणजीत सिंह पूजी के मुताबिक देश में 95 फीसदी लोगों के पास पैन कार्ड नहीं है, ऐसे में यह फैसला ट्रेड को बर्बाद करने वाला साबित होगा। विदेशों की तर्ज पर कानून लागू करने से पहले इंफ्रास्ट्रक्चर भी तैयार किया जाना चाहिए।
2 लाख से ऊपर शापिंग से परहेज
पीसी ज्वैलर्स लिमिटेड की मैनेजर सोनिका अरोड़ा के मुताबिक ग्राहक 2 लाख से ज्यादा की शापिंग से परहेज करने लगे हैं। ज्यादातर कस्टमर्स के पास पैन नहीं होने के कारण वह निर्धारित सीमा के अंदर ही खरीददारी कर रहे हैं, जिससे सेल प्रभावित हो रही है।