अमृतसर। डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने वीरवार को गुरु नगरी और दरबार साहिब परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। इससे पहले वह पत्नी तथा केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल के साथ दरबार साहिब में माथा टेकने भी गए। उन्होंने स्पष्ट किया, 2017 विधानसभा चुनावों में ज्यादातर नए चेहरे लाए जाएंगे व युवाओं को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
इस दौरान हर विधायक की कारगुजारी की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी विस चुनाव विकास के मुद्दे पर ही लड़ा जाएगा और शिअद लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। खडूर साहब उप-चुनाव के संबंध में उनका कहना है कि इतिहास में पहली बार हुआ है कि कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल मैदान छोड़ कर भाग गए। काॅमेडियन गुरप्रीत घुग्गी के आप में शामिल होने संबंधी सवाल पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा, मन-बहलाने के लिए आम आदमी पार्टी बहुत बढ़िया है। अमृतसर के विकास की बात करते हुए उन्होंने कहा कि नवंबर तक चल रहे प्रोजेक्ट मुकम्मल कर लिए जाएंगे।
‘कॉरपोरेट लोन माफ कर सकते हैं, तो किसानों का क्यों नहीं’
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सवाल किया है कि यदि भारत सरकार कर्ज तले दबे कॉरपोरेट लोगों के 1.14 लाख करोड़ रुपए माफ कर सकती है, तो फिर किसानों के लोन क्यों नहीं माफ कर सकती।
कैप्टन ने हैरानी जताई कि क्यों सीएम बादल मामला केंद्र में अपनी हितैषी सरकार के पास नहीं उठाते, जिसमें उनकी बहू भी मंत्री है। वह पंजाब जाट महासभा की ओर से आयोजित कार्यक्रम पगड़ी संभाल किसानां के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने खुलासा किया कि कर्ज चुकाने में असफल रहने के कारण किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं और ज्यादातर मामलों में कर्ज सिर्फ कुछ लाख के हैं।
हाल ही में जज के सामने किसान द्वारा आत्महत्या करने के मामले पर कैप्टन ने वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर सुनिश्चित किया जाएगा कि किसान कभी भी ऐसे दबाव में आकर ऐसे निराशाजनक कदम न उठाएं।