अमृतसर. मकबूलपुरा चौक में मंगलवार देर रात मजीठा रोड थाने में तैनात एएसआई महिंदर सिंह के बेटे हरप्रीत सिंह ने अपने साथियों को साथ लेकर गुंडागर्दी की। इस दौरान उसने दो युवकों कुलदीप व जगदेव को तेजधार हथियारों से जख्मी कर दिया। युवकों को तुरंत स्थानीय अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। झगड़े की जानकारी मिलने पर थाना मकबूलपुरा के प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंच गए और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक मकबूलपुरा की गली नंबर दो में रहते एएसआई महिंदर सिंह के बेटे हरप्रीत सिंह का, वहीं पर साथ की गली में रहने वाले कुलदीप सिंह के साथ किसी बात को लेकर कुछ महीने पहले झगड़ा हो गया था। झगड़े के दौरान तुरंत स्थानीय लोगों ने बीच में आकर बचाव कर दिया। इसके बाद इलाके के जिम्मेदार लोगों ने समझौता करवाया और दोबारा से झगड़े करने वालों पर जुर्माने की शर्त रख दी। कुछ महीने ऐसे ही निकल गए।
गत रात कुलदीप अपने एक दोस्त जगदेव के साथ इलाके में मौजूद था। हरप्रीत सिंह अपने साथ रेशम सिंह और तीन-चार अन्य साथियों को लेकर आया और आते ही कुलदीप पर हमला कर दिया। कुलदीप का दोस्त बीच में बचाव के लिए आया तो उस पर भी हमला किया गया। दोनों को इतनी बुरी तरह से पीटा गया कि वह लोग गंभीर जख्मी हो गए। आरोपी दोनों को जख्मी करने के बाद मौके से फरार हो गए।
वहीं थाना मकबूलपुरा के प्रभारी कुलदीप सिंह ने कहा कि आरोपी हरप्रीत सिंह, रेशम सिंह और उसके तीन-चार साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल वे फरार हैं। उन्हें पकड़ने के लिए छापामारी की जा रही है।