खासा/भिखीविंड. इंडो-पाक बार्डर पर बीएसएफ तथा तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में फोर्स के जवानों ने दो भारतीय तस्करों को मार गिराया है। जबकि सरहद पार से आए तस्कर अंधेरे तथा फसलों के आड़ का फायदा उठाते हुए भाग निकले। यह कार्रवाई 163 बटालियन के जवानों ने अमृतसर सेक्टर के तहत आती खालड़ा पोस्ट पर की है। मारे गए तस्करों के पास से एक पिस्टल, एक मैग्जीन तथा सात राउंड बरामद किया गया है।
डीआईजी एमएफ फारुकी ने बताया कि 23 सितंबर की मध्य रात के बाद जवान गश्त कर रहे थे। उनहें फेंसिंग के पास कुछ हरकत महसूस हुई। इस दौरान जवानों ने सतर्कता बरतते हुए ललकारा। ऐसे में भारतीय सीमा की तरफ से आए तस्करों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी फायर किया। इस कार्रवाई में दो तस्कर मारे गए। जबकि सरहद पार से खेप लेकर आए दो तस्कर भागने में कामयाब हो गए। भिखीविंड के डीएसपी दिलबाग सिंह ने बताया कि एक घुसपैठिए की पहचान जगदीप सिंह निवासी मेंहदीपुर जिला तरनतारन के रूप में हुई है। जबकि दूसरे की शिनाख्त की कोशिशें जारी हैं। बताया कि जगदीप का क्रिमनल रिकॉर्ड का पता लगाया जा रह है।