अमृतसर। पुलिस पर गोलियां चलाने वाले शराब तस्कर ललित कुमार निवासी राज एवेन्यू को थाना छेहर्टा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से 32 बोर का पिस्टल भी बरामद किया गया है। बुधवार रात को आरोपी ने नाकेबंदी के दौरान पुलिस पर गोलियां चलाई थी।
एडीसीपी केतन पाटिल और थाना छेहर्टा के प्रभारी हरीश बहल ने बताया कि आरोपी के बारे में सूचना मिली थी कि वह पुलिस से बचने के लिए शहर से बाहर भागने की फिराक में है। इसके तहत वह कुछ सामान लेने के लिए अपने घर आ रहा है। उन्होंने पुलिस पार्टी के साथ नाकाबंदी की। आरोपी अपना वेश बदल कर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन मौका रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पता चला है कि आरोपी शराब बेचने का धंधा करता है और तस्करों के साथ उसके संबंध हैं। आरोपी ने अपनी कार पर पुलिस का स्टीकर लगा रखा है। ताकि अगर कोई पुलिस कर्मी उसे नाके पर रोकता भी है तो वह स्वयं तो पुलिस कर्मी बताकर बच निकलता था।
(फोटो- आरोपी ललित कुमार पुलिस से बचने के लिए शहर से भागने की फिराक में था।)