अमृतसर। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के टर्फ ग्राउंड में दूसरे दिन कैलिफोर्निया ईगल्स ने 67-45 से पंजाब थंडर्स को मात दी। पहले क्वार्टर तक कैलिफोर्निया ईगल्स और पंजाब थंडर्स दोनों ने 13 अंक के साथ बराबर रहे। लेकिन हाफ टाइम तक कैलिफोर्निया ईगल्स ने 32-24 के फर्क से पंजाब थंडर्स को काफी पीछे छोड़ दिया। तीसरे क्वार्टर में भी 50-35 के फर्क के साथ कैलिफोर्निया टीम अपने विरोधी टीम थंडर्स से आगे निकल गई।
फाइनल में कैलिफोर्निया ईगल्स ने पंजाब थंडर्स को 65-45 के फर्क से हराकर जीत हासिल कर ली। मैच में पंजाब थंडर्स के रेडर सुल्तान सिंह ने 21 अंक टीम को देकर मैन ऑफ द मैच के खिताब को अपने कब्जे में किया। वहीं कैलिफोर्निया ईगल्स के स्टापर मीक ने 8 अंक टीम की झोली में डाले और बैस्ट स्टॉपर का अवॉर्ड पाया।
खालसा वॉरियर्स जीते
यहां खेले गए दूसरे मैच में खालसा वॉरियर्स ने यो-यो टाइगर्स को 61-57 के फर्क से मात दी। मैच के पहले क्वार्टर में यो-यो टाइगर्स ने खालसा वॉरियर्स को 16-14 के फर्क से पछाड़ दिया। लेकिन उनकी यह खुशी ज्यादा समय नहीं रही। मैच के हाफ में पलड़ा पलटा और खालसा वॉरियर्स 31-28 के फर्क से आगे निकल गए। तीसरे क्वार्टर में खालसा वॉरियर्स का स्कोर 44 और यो-यो टाइगर्स का 43 रहा। अंत में खालसा वॉरियर्स ने 61-57 के फर्क से मैच जीत लिया। गगनदीप और मनजोत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।