गुरुद्वारे में स्मृति ईरानी ने परिक्रमा में लगी छबील पर कुछ मिनट बर्तन साफ करने की सेवा भी निभाई।
अमृतसर. केंद्रीय ह्यूमन रिसोर्सेज मिनिस्टर स्मृति ईरानी मंगलवार को अमृतसर में थीं। वह एयरपोर्ट से सीधे दरबार साहिब पहुंची और माथा टेककर छबील पर कुछ मिनट बर्तन साफ करने की सेवा भी निभाई। इसके बाद वे खन्ना स्मारक पहुंची, जहां मौजूद भाजपा वर्करों से उन्होंने बहन होने के नाते गिफ्ट मांगा। कहा, सभी पार्टी वर्कर अपने-अपने एरिया के एक-एक स्कूल को गोद लेंगे और वहां लड़कियों के टॉयलेट बनवाएंगे। सभी वर्करों ने मंत्री से वादा किया, उन्हें गिफ्ट जरूर देंगे।
स्मृति ने कहा, सभी ने उन्हें बहन कहा है । भारतीय संस्कृति के मुताबिक अगर बहन पहली बार घर आए तो उसे खाली हाथ नहीं भेजते। उन्हें विश्वास है, पार्टी वर्कर ये वादा पूरा कर उन्हें गिफ्ट जरूर देंगे। इसकी रिपोर्ट वह राष्ट्रीय सचिव तरुण चुग से लेती रहेंगी।
गुरु घर में बर्तन धोने की सेवा, शहीदों को श्रद्धांजलि
दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद स्मृति ईरानी ने परिक्रमा में लगी छबील पर कुछ मिनट बर्तन साफ करने की सेवा भी निभाई। यहां माथा टेकने के बाद वह जलियांवाला बाग पहुंची। जहां उन्होंने शहीदी लाट पर पुष्प अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। शहीदी कुएं का इतिहास भी जाना।
ज्ञानी टी स्टाल पर चाय पी
स्मृति श्री दुर्ग्याणा तीर्थ भी गईं और वहां माथा टेका। इसके बाद लोकल बॉडीज मिनिस्टर अनिल जोशी उन्हें अमृतसर के फेमस ज्ञानी टी स्टाल पर लेकर गए, जहां उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय सचिव तरुण चुग, मेयर बख्शीराम अरोड़ा, जिला प्रधान नरेश शर्मा के साथ चाय की चुस्कियां लीं। इसके बाद वह डीएवी कॉलेज में स्टूडेंट से भी मिलीं।
'सोच बदलने वाली होगी नई एजुकेशन पॉलिसी'
देश को जल्द ही नई एजुकेशन पॉलिसी मिलने के संकेत एचआरडी मिनिस्टर स्मृति ईरानी ने डीएवी कॉलेज में भारतीय शिक्षण मंडल की ओर से आयोजित कांफ्रेंस के दौरान दिए। उन्होंने कहा कि वह प्रयत्न कर रही हैं कि नई एजुकेशन पॉलिसी के लिए पूरे राष्ट्र में चर्चा के लिए एक प्लेटफार्म बनाया जाए।
इस प्लेटफार्म पर सभी शिक्षा के लिए अपनी राय व चिंताओं को जाहिर कर सकेंगे। जिसके आधार पर वह नई एजुकेशन पॉलिसी का निर्माण करेंगी। उन्होंने बताया कि इस मंच को वह अगले साल जनवरी माह से शुरू करने जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हमें ऐसी शिक्षा प्रणाली का निर्माण करना होगा, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा बढ़े और हमारी सोच में बदलाव हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा वह है जो हमें रिश्ते निभाना सिखाए।
इस कार्यक्रम में मुकुल कानितकर, प्रो. बीके कुठियाला, डॉ. विनय कपूर मेहरा, लोकल बॉडी मिनिस्टर अनिल जोशी, मेयर बख्शीराम अरोड़ा आदि मौजूद थे।
आगे की स्लाइड्स में देखें, अमृतसर यात्रा के दौरान स्मृति ईरानी की तस्वीरें..
फोटो: संजय वालिया