पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मेले में छा गई 150 रुपए की साइकिल, 250 रुपए की रिक्शा

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अमृतसर. केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय की ओर से रणजीत एवेन्यू ग्राउंड में लगाए गए क्राफ्ट मेले में हाथ से तैयार की गई 150 रुपए की साइकिल और 250 रुपए का रिक्शा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। इस स्टॉल पर लोगों की काफी भीड़ रही।मेले में लगे स्टॉलों पर पांच रुपए से लेकर 25 हजार रुपए तक की चीजें उपलब्ध हैं वहीं शोपीस नुमा साइकिल और रिक्शा खरीदने में लोग काफी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।

पिछले दो दिनों में हुई बरसात के कारण मेले में खरीददारी करने आने वालों की गिनती कम हुई है, इससे व्यापारी वर्ग में थोड़ी मायूसी जरूर नजर आई। पिछले कई वर्षों से व्यापार का काम कर रहे विनोद वर्मा और अशोक कुमार ने कहा कि मेले में सहारनपुर, वेस्ट बंगाल, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, दिल्ली, भागलपुर के अलावा कई जगहों से व्यापारी अपना सामान बेचने आए हैं। उन्होंने बताया कि एक ही जगह पर ज्वैलरी से लेकर फर्नीचर, कपड़े, गलीचे और लकड़ी का सामान कम रेट में मिल रहा है।

बरसात ने घटाई भीड़

मेले में खादी के कपड़ों का स्टाल लगाने वाले भागलपुर के मोहम्मद वसीम, वेस्ट बंगाल से आए व्यापारी गौतम ने कहा कि 17 से 26 जनवरी तक चलने वाले इस मेले में वैसे तो सरकार की ओर से स्टाल लगाने का किराया काफी कम रखा गया है। मगर बरसात होने के कारण जमीन कीचड़ से भर गई है। इससे लोगों का यहां आना कम हुआ है। यहां के लोग सामान खरीदने में पारखी नजर रखते हैं। उनका कहना था कि अगर सरकार मेला लगाने के लिए पक्की जमीन मुहैया करवाती तो लोग ज्यादा आते।