डेरा बाबा नानक. जेएंडके की बाढ़ से बच कर घर लौटे युवक की गांव के छप्पड़ में डूबने से मौत हो गई। गांव रसीके मीरां का 21 साल का हरमन 17 सिंतबर को श्रीनगर से लौटा था।
पिता वस्सन सिंह ने बताया, उसका बेटा श्रीनगर में कारपेंटर का काम करता था। श्रीनगर में आई बाढ़ में वह 10 दिन वहां फंसा रहा। मालिकों और सेना की मदद से वह 17 सितंबर को घर लौटा था। वीरवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह घर के पास छप्पड़ के किनारे भाई के साथ खड़ा था। अचानक पैर फिसलने के कारण 15 फुट गहरे छप्पड़ में गिर गया। शोर मचने पर सरपंच और अन्य लोगों ने एक घंटे की मशक्कत से छप्पड़ से उसे बाहर निकाला। कलानौर अस्पताल ले जाने पर डाॅक्टरों ने डैड घोषित कर दिया।