अमृतसर । दिल्ली विधान सभा चुनावों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कहा, नतीजे एग्जिट पोल के मुताबिक आने के कम आसार हैं। वहां पर त्रिकोणीय मुकाबला होने के कारण कुछ भी स्पष्ट रूप से कह पाना मुश्किल है। उनका कहना है कि जिस तरीके से 2012 में हुए पंजाब विधान सभा चुनावों में कुछ चैनलों ने जो घोषणा की थी, नतीजे उसके एक दम उलट आए थे। इन्होंने सूबे में कांग्रेस की सरकार बना डाली थी। लेकिन, अकाली-भाजपा सत्ता में आई।
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल अपनी पत्नी और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल और बच्चों के साथ श्री दरबार साहिब मंे माथा टेकने पहुंचे थे। पूछे गए एक सवाल के जवाब में सुखबीर ने कहा, पंजाब की सियासत पर आम आदमी पार्टी का कोई प्रभाव नहीं है। उनका कहना है कि इससे पहले तलवंडी विधान सभा के उप चुनावों में बात स्पष्ट हो चुकी है। इसी तरह से धूरी विधान सभा के उप चुनावों ने आप की हकीकत बयां कर दी है। अमृतसर के भाजपा सांसद रहे नवजोत सिंह सिद्धू के प्रोजेक्ट बारे पूछे जाने पर छोटे बादल ने कहा कि यह प्रोजेक्ट किसी एक सियासी व्यक्ति के नहीं, बल्कि यहां के जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि तथा सरकार के हैं। सुखबीर ने कहा, कोई भी प्रोजेेक्ट रुका नहीं है। सभी सिलसिले वार चल रहे हैं। और जो रुके हैं उनका काम भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा। कहा, इनके पूरा होते ही शहर का कायाकल्प हो जाए। कांग्रेस के सांसद कैप्टन अमरिंदर सिंह तथा प्रधान प्रताप सिंह बाजवा के बीच जारी बयानबाजी पर सुखबीर ने कहा, यह दोनों ही कांग्रेस को डुबोने में लगे हैं। इनका पंजाब व जनता से कोई मतलब नहीं है।