पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डायल 104 मेडिकल हेल्पलाइन को लेकर अवेयर नहीं हैं ज्यादातर लोग Dial 104 service

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अमृतसर. पंजाब सरकार की ओर से लोगों को बेहतर सेहत सुविधाएं देने के लिए शुरू की गई डायल 104 मेडिकल हेल्पलाइन के बारे में लोग अभी तक अवेयर नहीं हैं। 24 जून 2014 को इस सेवा की शुरुआत मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल ने पहली कॉल करके की, लेकिन इस सेवा का सही ढंग से प्रचार न होने के कारण ज्यादातर लोग इस सुविधा का लाभ ही नहीं उठा पा रहे। 11 सितंबर की शाम तक 23,838 लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया।

विभाग ब्रांडिंग में रहा फेल
सिविल अस्पताल में इलाज करवाने आए लोगों से जब इस सेवा के बारे पूछा तो 90 प्रतिशत लोग इससे अंजान थे। उनका कहना था कि सरकार ने 108 एम्बुलेंस सेवा के बारे में काफी प्रचार किया, लेकिन 104 मेडिकल हेल्पलाइन के बारे में कभी किसी ने कोई जानकारी ही नहीं दी। इतना ही नहीं सरकारी अस्पतालों में जहां 108 एम्बुलेंस सेवा के बारे में बोर्ड लगाए गए हैं, वहां 104 सेहत सुविधा के बारे में कोई जानकारी डिस्पले ही नहीं की गई।

हेल्पलाइन का फायदा
104 मेडिकल हेल्पलाइन सेवा के तहत राज्य का कोई भी नागरिक कहीं से भी इस नंबर पर फोन कर माहिर डाक्टरों की ओर से मुफ्त मेडिकल सहायता बारे विचार-विमर्श या जानकारी ले सकता है। इसके अलावा सरकार द्वारा दी जा रही हेल्थ स्कीम्स का भी पता किया जा सकता है। अगर किसी सरकारी अस्पताल में मरीज का सही इलाज नहीं हो रहा, उसकी शिकायत भी इस नंबर पर की जा सकती है।

लोगों को जागरूक करें
पेशे से इलेक्ट्रिशियन पंजाब सिंह कहते हैं कि हेल्पलाइन नंबर तो सही है पर फिर भी सेहत विभाग को आसपास के गांवों में जाकर इस सेवा के बारे में जागरूक करना चाहिए। गांवों से काफी संख्या में लोग सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए आते हैं और उन्हें कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है।

वर्किंग में भी सुधार होगा
बिजनेसमैन विजय कुमार कहते हैं कि सिविल अस्पताल में कई लोग आते हैं, लेकिन सही इलाज न मिलने के कारण उन्हें प्राइवेट अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। अगर यहां डायल 104 मेडिकल हेल्पलाइन का नंबर प्रकाशित किया जाए तो सभी इसका लाभ भी उठाएंगे और अस्पताल की वर्किंग भी बेहतर होगी।