अमृतसर। अगले तीन माह में शहर में 4जी सर्विस शुरू हो जाएगी। इसके लिए निजी कंपनी ने पंजाब सरकार से समझौता कर लिया है। नगर निगम ने कंपनी को विभिन्न स्थानों पर पोल लगाने की इजाजत भी दे दी है। कंपनी ने नगर निगम की सीमा के भीतर 60 पोल लगाने हैं, जिसमें से 40 पोल लग चुके हैं। केबलिंग का काम लगभग पूरा हो चुका है और मशीनरी सैटअप की जा रही है। 25 मीटर के एक टावर में हाईमास्ट लाइट और सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे। जो शहर की हरेक गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
जानकारी के अनुसार उप-मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कंपनी के साथ किए समझौते में यह शर्त रखी है कि उक्त कंपनी सीसीटीवी कैमरे भी लगाएगी। कंपनी को किसी तरह की कोई परेशानी न हो इसके लिए निगम के एक्सीएन स्तर के एक अधिकारी को नियुक्त किया गया है।
करार के मुताबिक कंपनी ने निगम को 51 लाख रुपए की अग्रिम राशि जमा करवा दी है, अभी 41 लाख रुपए ओर भी कंपनी की ओर से जमा करवाए जाने हैं। पालिसी के अनुसार कंपनी से दस साल का करार किया गया है, इसके बाद फिर से एमओयू साइन किया जाएगा। पोल लगने के बाद घरों तक बिना तारों के ही फोन की सुविधा मिल जाएगी। एक ही कनैक्शन से वाईफाई और इंटरनेट कहीं पर भी यूज किया जा सकेगा।
जानकारी के अनुसार 4जी सर्विस का काम रिलायंस टेलीकाम के पास है। अकेली कंपनी होने के नाते अभी तक कंपनी ने यह साफ नहीं किया है कि 4जी सर्विस के लिए जनता को क्या कीमत चुकानी पड़ेगी। वहीं निगम के अधिकारी बताते हैं कि कंपनी इस सुविधा को सस्ते में देना चाह रही है, ताकि अधिक लोग इसका प्रयोग कर सकें। इसकी रेडिएशन भी नुकसान नहीं पहुंचाएगी और सारी वायरिंग अंडर ग्राउंड होनी है। अगले तीन महीनों में देश के 100 बड़े शहरों में 4जी सर्विस शुरू होने वाली है, महानगर इनमें से एक है। मेयर बख्शी राम अरोड़ा के मुताबिक 4जी सिस्टम में सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जानी है।
कंट्रोल रूम भी बनेगा
हरेक जोन के मुताबिक पुलिस द्वारा बनाए गए सुविधा केंद्रों में इनका कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। जिससे शहर की हरेक गतिविधि पर नजर रखी जा सकेगी। सुरक्षा की नजर से यह प्रोजेक्ट काफी महत्वपूर्ण है। 3जी डाटा प्रयोग करने में ऑडियो-वीडियो डाउन लोडिंग में कई बार तकनीकी परेशानी आती है और डाउनलोड होने में काफी समय लगता है। वहीं 4जी में यह समस्या नहीं रहेगी।
ऑनलाइन पढ़ाई में लाभ
3जी की अपेक्षा में 4जी की स्पीड कई गुणा बढ़ जाएगी। जानकारी के मुताबिक कोई डाउनलोडिंग 3जी में 8 घंटे का समय लेती है तो 4जी में मात्र इसे डाउनलोड करने में 8 सैकंड का समय लगेगा। इसका फायदा आन लाइन एजुकेशन, मेडिकल, टूरिज्म, आदि क्षेत्रों को मिलेगा।
>नगर निगम की सीमा में कुल लगेंगे 60 टावर।
> टावर की ऊंचाई होगी 25 मीटर।
>40 टावर कंपनी लगा भी चुकी है।
>इन पर हाईमास्ट लाइटें और सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे।
>पंजाब में एक साथ शुरू होगी सेवा।