अजनाला. कुकड़ांवाला बस स्टैंड के पास शराब के नशे में धुत कार चालक ने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार वरुण साही उर्फ गुल्लू निवासी गांव महिलवाला की अस्पताल पहुंचने पर मौत हो गई, जबकि हादसे में 9वीं कक्षा के दो स्टूडेंट इंदरजीत सिंह और हरप्रीत सिंह जख्मी हो गए। उन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों बच्चे स्कूल के बाद ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे थे। दोनों स्टूडेंट गुल्लू के ही गांव से थे, इसलिए रास्ते में पैदल आते देख उन्हें बाइक पर बैठा लिया था। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कार चालक साहिब सिंह निवासी गांव भुरेगिल को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक गुल्लू अपने मोटरसाइकिल पीबी02-सीए-8043 पर सवार होकर राजासांसी किसी काम से गया था। दोपहर करीब 4.30 बजे वह वापस लौट रहा था तो उसने रास्ते में दोनों स्टूडेंट इंदरजीत और हरप्रीत को पैदल आते हुए देखा। गांव के होने के कारण उसने बाइक पर बैठा लिया। कुकड़ांवालां बस अड्डे के पास पहुंचने पर आरोपी साहिब सिंह अपनी
मारुति कार पीबी18-जे-3579 पर तेज रफ्तार से आ रहा था। उसने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल करीब 100 मीटर की दूरी तक घसीटता चला गया। इससे गुल्लू सहित तीनों गंभीर जख्मी हो गए। जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया और गुल्लू को डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
वहीं मौके पर इकट्ठे हुए लोगों ने आरोपी कार चालक को दबोच लिया और राजासांसी पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर दर्शन सिंह ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बहन को बोलकर गया था अभी आता हूं
गुल्लू की एक छोटी बहन है, जिसके साथ उसका बहुत प्यार था। घर से निकलने से पहले गुल्लू अपनी बहन को बोल कर गया था कि वह अभी थोड़ी देर में वापस आ जाएगा और उसके लिए भी कुछ लेकर आएगा। बहन घर में बैठी इंतजार कर रही थी कि उसका भाई जल्दी से आए, लेकिन भाई की जगह पर उसकी मौत की खबर आई।
कुकड़ांवालां बस अड्डे के पास पहुंचने पर आरोपी साहिब सिंह मारुति कार में तेज रफ्तार से आ रहा था। उसने मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी।