पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नाड़ की आग पुलिस चौकी तक पहुंची, 21 वाहन जले

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

मेहता चौक. किसानों द्वारा नाड़ को लगाई आग ऐसी भड़की कि पुलिस चौकी बुट्टर तक पहुंच गई। इसमें चौकी में खड़े जब्त किए कई वाहन जल गए। जालंधर रोड पर स्थित बुट्टर पुलिस चौकी के नजदीक खेतों में बुधवार दोपहर को किसानों ने नाड़ को आग लगा दी। इस दौरान हवा चलने के कारण आग तेजी से फैलते हुए जंगली हिस्से को जलाते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गई।

चौकी में पुलिस द्वारा जब्त किए गए कई वाहन आग की चपेट में आ गए। चौकी में आग लगने का पता चलने पर मुलाजिमों ने दमकल विभाग को सूचित किया। पुलिस और लोगों ने दमकल गाड़ी के पहुंचने से पहले आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन कामयाब नहीं हो सके। मौके पर अमृतसर से आई दमकल विभाग की गाड़ी आग पर काबू नहीं पा सकी। जगह जगह से लीक कर रही गाड़ी को कर्मचारी ठीक करने मे लगे रहे। जिसके बाद डेरा ब्यास से आई दमकल विभाग की गाड़ी और लोगों ने कड़ी मशक्कत से आग बुझाई।

पुलिस चौकी बुट्टर में खड़े लोगों के जब्त किए दो ट्रक, एक बस, 14 कारें और चार मोटरसाइकिल आग की भेंट चढ़ गए। चौकी में लगी आग की सूचना पाकर वह लोग भी वहां पहुंच गए, जिनके वाहन पुलिस ने जब्त किए हुए थे। अगर आग पर शीघ्र काबू न पाया जाता तो पास के पेट्रोल पंप भी आग की चपेट में आ जाता और भयानक तबाही होती।