अमृतसर. थिएटर ग्रुप साई क्रिएशन ने सड़क हादसों के खिलाफ दैनिक भास्कर महाअभियान से प्रेरणा लेते हुए एड फिल्म बनानी शुरू की है। शनिवार को पहले दिन विरसा विहार में शूटिंग की गई। पहली बार किसी थिएटर ग्रुप ने ऐसी पहल की।
यह एड फिल्म सिर्फ डेढ़ मिनट की है, इसमें दर्जन भर आर्टिस्टों ने किरदार निभाया है। इसकी स्क्रिप्ट प्रसिद्ध नाटककार और फिल्मकार गुरिंदर मकना की है और निर्देशित भी उन्होंने किया है। एड फिल्म के जरिए लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। मालवा कॉलेज में यातायात नियमों का संकल्प और एमएसडी स्कूल में ग्रीटिंग कार्ड मेकिंग मुकाबले करवाए गए। जलालाबाद में केडी पब्लिक के स्टूडेंट्स ने रैली निकाली।
हमारी गलतियां हैं फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी हमारी गलतियों के बारे है। इसमें गाड़ी चलाते वक्त
मोबाइल फोन सुनने वाले, हेल्मेट न पहनना, सीट बेल्ट न लगाना, शराब पीकर वाहन चलाना, गलत दिशा तथा ओवर स्पीड में ड्राइविंग आदि खामियों को कैमरे के सामनेे उतारा गया है। इसके सभी किरदार मरने के बाद स्वर्ग में जाकर अपनी गलतियों का अहसास करते हैं। मकना का कहना है कि मरने के बाद का दुख उसलिए है क्योंकि आमतौर पर हम सभी हादसे के बाद ही सबक लेते हैं। फिल्म चाहे छोटी है मगर इसमें ट्रैफिक के हरेक पहलू को उजागर किया गया है। फिल्म को पहले चौक-चौराहों फिर स्कूल, कॉलेज व अन्य इंस्टीट्यूट में दिखाया जाएगा।
एक्सीडेंट में खत्म हो रही जिंदगियों को बचाने आई आम आदमी पार्टी
लुधियाना. रोड एक्सीडेंट में खत्म हो रही जिंदगियों को बचाने के लिए अरविंद
केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भी आगे आई है। शनिवार को आप वाॅलंटियर्स ने वेरका मिल्क प्लांट चौक पर हाथों पर ट्रैफिक रूल्स फॉलो करने के पाेस्टर लेकर लोगों को अवेयर किया। आप वालंटियर्स के हाथों में पकड़े बैनरों पर “ ट्रैफिक रूल्स तोड़ने से रोकने पर आप पुलिस से बहस कर सकते हो, पर यमराज से नहीं’’, “गाड़ी होली चलाओ जी’’, “ सीट बेल्ट सेव लाइफ” “ नशे करके गाड़ी चलाना मौत को बुलाना है’’ लिखा हुआ था।