पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Firing Between To Two Groups In Amritsar

जमीनी झगड़े में दो ग्रुपों में चली गोलियां, 3 की मौत, दर्जन भर लोग गंभीर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अमृतसर. थाना लोपोके के अधीन आते गांव मंझ में जमीनी झगड़े को लेकर दो ग्रुप आमने-सामने हो गए और एक-दूसरे पर जमकर गोलियां चलाई। इस फायरिंग में अकाली सरपंच, पूर्व पुलिस मुलाजिम सहित तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जन भर के करीब लोग गंभीर जख्मी हो गए। मरने वालों की पहचान अकाली सरपंच नवाब, जगतार सिंह निवासी लोधी गुज्जर और नरिंदर सिंह निवासी मंझ के तौर पर हुई है। वहीं मखतूल सिंह, साहिब सिंह, जसपाल सिंह और बलजीत सिंह निवासी गांव मंझ गंभीर जख्मी हुए हैं, जिनका गुरु नानक देव अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों को हल्की चोटें लगी है। जिन्हें फर्स्ट एड मुहैया करवा कर पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
वहीं झगड़े की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस पर भी आरोपियों ने गोलियां चलाई और वहां से भागने को मजबूर कर दिया, लेकिन कुछ ही देर के बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स ने मौके पर जाकर आरोपियों को खदेड़ने के लिए जवाबी फायरिंग की और कुछ लोगों को हिरासत में भी ले लिया है। जानकारी के मुताबिक गांव मंझ में तीन कनाल जमीन को लेकर पूर्व ब्लॉक समिति के चेयरमेन सरबजीत सिंह लोधी गुज्जर और गांव के ही निवासी बावा सिंह के बीच विवाद चल रहा है। लोधी गुज्जर इस जमीन पर कब्जा करना चाहता है, जिसके तहत शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने साथियों को साथ लेकर पहुंचा और जमीन पर ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया। इस बात का पता लगने पर बावा सिंह अपने साथियों के साथ लोधी गुज्जर को रोकने के लिए चला गया। बावा सिंह ने ट्रैक्टर चलाने से रोका तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई और इसी दौरान किसी ने बीच में गोली चला दी। पहली गोली नरिंदर सिंह को जा लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसी दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलनी शुरू हो गई। इसी दौरान गोली सरपंच नवाब के माथे पर लगी और जगतार सिंह के सीने पर जाकर लगी। इन दोनों की भी मौके पर ही मौत हो गई। दोनों तरफ से 50 से ऊपर राउंड फायर किए गए।
वहीं मौके पर पुलिस पहुंच गई तो आरोपियों ने पुलिस कर्मियों पर भी गोलियों चलानी शुरू कर दी। इससे मुलाजिम डर कर मौके से भाग निकले। थोड़ी ही देर के बाद डीएसपी जगतप्रीत सिंह की अगुवाई में भारी फोर्स के साथ पहुंच कर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और गोलियां चलाने वाले कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि मुख्य आरोपी सरबजीत लोधी गुज्जर और बावा सिंह मौके से फरार हो गए। डीएसपी जगतप्रीत सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ बनती कार्रवाई शुरू कर दी है। मरने वालों के शव कब्जे में ले लिए है और घायलों का इलाज चल रहा है।